बच्‍चे की चाह ने बना दिया अपहरणकर्ता, आंध्र प्रदेश निवासी दंपती गिरफ्तार

     महराजगंज : नौतनवा क्षेत्र के गौतमबुद्ध नगर से अपहृत तीन साल के बच्‍चे चैंपियन सिंह को एसओजी टीम ने सकुशल बरामद कर लिया है। बच्चे को अगवा करने वाले 25 हजार रुपये के इनामी दंपती को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया  है। एसपी रोहित सिंह सजवान ने बताया कि 20 जुलाई को नौतनवा कस्बे से मासूम चैंपियन अगवा हो गया था। उसके पिता ने आंध्रप्रदेश निवासी दंपती को नामजद किया, जो मोहल्ले में इडली-डोसा का ठेला लगाते थे। दोनो की गिरफ्तारी के लिए दो टीमों को लगाया गया था। शुक्रवार एसओजी प्रभारी शशांक शेखर राय, एसओ नौतनवा शिव मनोहर यादव की टीम ने खड्डा रोड रेलवे ढाबा सबया के पास से स्कूटी सवार दंपती को गिरफ्तार किया। उनकी पहचान आंध्रप्रदेश के चित्तूर जिले के तिरुपति थानाक्षेत्र के माधवनगर तिरूपति निवासी वेलकुल्ला हरी कुमार और उसकी पत्नी वी अनसुईया के रूप में हुई। उनके पास से अपहृत बच्चा चैंपियन बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि शादी के आठ वर्ष बाद उन्हें कोई संतान नहीं हुई, तो चैंपियन को अगवा कर झारखंड के रांची शहर में जाकर वहीं काम करने का निर्णय लिया। बच्चे के मोह ने उन्हें सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। गिरफ्तारी वाली टीम में उप निरीक्षक स्वतंत्र सिंह, कांस्टेबल विद्या सागर, पंकज यादव, संजय सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
आरोपित दंपती के पास काले रंग की स्कूटी है। बच्चे को अगवा करने के बाद दोनों स्कूटी से नौतनवा, ठूठीबारी होते हुए सिंदुरिया पहुंचे। यहीं फोन को चालू किया और किसी से बात की। फिर कोठीभार होते हुए कुशीनगर के रास्ते बिहार निकल गए। एसपी ने बताया कि नौतनवा के लोगों को बस यहीं पता था कि दंपती आंध्र प्रदेश के रहने वाले हैं। उनके घर के बारे में किसी को जानकारी नहीं थी। दंपती को पता था कि पुलिस तिरूपति ही जाएगी। ऐसे में उन्होंने रांची शहर में बच्चे के साथ कारोबार  करने का फैसला लिया।
पांच सिमकार्ड का किया था इस्तेमाल
तीन दिन में दंपती ने बच्चे को लेकर स्कूटी से छह सौ किलोमीटर का सफर किया। बिहार के एक ढाबे पर रात को रुके थे। सिंदुरिया में लोकेशन मिलने के बाद पुलिस ने दंपती को ट्रेस करना शुरू किया। हाईवे के टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच आगे बढ़ी। दंपती ने पांच सिमकार्ड का इस्तेमाल किया। जिसमें एक नंबर पकड़ में आया और आरोपित पुलिस की गिरफ्त में आ गए।


टिप्पणियाँ