सोनू सूद की तरह एक्‍ट्रेस कनक पांडेय भी बनीं मददगार,दुबई में फंसे कामगारों को फ्लाइट से घर भेजा

   गोरखपुर : सोनू सूद की तरह गोरखपुर में पली-बढ़ी भोजपुरी अभिनेत्री कनक पाण्डेय ने भी दुबई में फंसे सैकड़़ों श्रमिकों को उनके घर तक पहुंचाया है। कनक ने पूर्वांचल प्रवासी मिलन संस्था की मदद से दुबई में फंसे पूर्वांचल के कामगारों को घर पहुंचाने में मदद की। 19 जून से अब तक 13 फ्लाइट में तीन हजार लोग दुबई से भारत आ चुके हैं। अभिनेत्री का कहना है कि आगे भी उनका यह अभियान जारी रहेगा। 
अभिनेत्री कनक पांडेय मूल रूप से तो गोपालगंज, बिहार की रहने वाली हैं। लेकिन उनकी शिक्षा गोरखपुर से हुई है। करीब 20 साल से उनका परिवार गीडा में रहता है। उनके पिता आमोद प्राइवेट कंपनी में काम करते हैं। हाल में कनक पांडेय दुबई से गोरखपुर पहुंचीं। गुरुवार को मीडिया से बातचीत के दौरान अभिनेत्री कनक ने बताया कि वह पूर्वांचल प्रवासी मिलन (पीपीएम) की सह संस्थापक हैं। झारखंड के रहने वाले साकेत कुमार संस्था के चेयरमैन हैं। यूपी, बिहार और झारखंड के रहने वाले काफी लोग जुड़े हुए हैं। इन सभी के सहयोग से दुबई में फंसे गोरखपुर, देवरिया, बस्ती, लखनऊ, वाराणसी के अलावा बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और राजस्थान के कामगारों को 13 फ्लाइट से घर भेजा गया। किराये का 50 प्रतिशत भुगतान पूर्वांचल प्रवासी मिलन ने किया, शेष रकम प्रवासी कामगारों ने दिया है।
दुबई में है कारोबार
अभिनेत्री कनक पांडेय का दुबई में कारोबार है। उन्होंने रेस्टोरेंट और इवेंट कंपनी खोली है। लॉकडाउन के दौरान कारोबार के सिलसिले में वह दुबई में ही थीं। नौकरी गंवा चुके कामगारों की परेशानी को उन्होंने पीपीएम से साझा की और सभी को घर भेजवाने का बीड़ा उठाया।


टिप्पणियाँ