गोरखपुर में अब नगर निगम के अंत्येष्टि स्थल पर नहीं लगेगी फीस-महापौर

            गोरखपुर : महापौर सीताराम जायसवाल और नगर आयुक्त अंजनी कुमार सिंह ने संयुक्त प्रेसवार्ता में कहा कि आने वाले दिनों में नगर निगम राजघाट में अंतिम संस्कार से जुड़ी समन्वित सुविधाएं उपलब्ध कराएगा। इसके लिए पंजीकरण के नाम पर लिया जा रहा शुल्क अनिवार्य नहीं होगा। सहयोग राशि को लेकर किसी पर कोई दबाव नहीं बनाया जाएगा। वहां सुविधाएं भी बढ़ाई जा रही हैं।
नगर आयुक्त ने कहा कि राजघाट स्थित शवदाह गृह पर अंतिम संस्कार के लिए किसी तरह का कोई शुल्क नहीं लिया जा रहा है। जो लोग सक्षम हैं, वे स्वेच्छा से सहयोग राशि दे रहे हैं। किसी पर भी सहयोग राशि देने के लिए किसी तरह का कोई दबाव नहीं है। जो लोग सक्षम नहीं हैं उनके लिए नगर निगम सभी व्यवस्थाएं निशुल्क कर रहा है। उन्होंने आयुक्त ने कहा कि राजघाट में नया रमणीय घाट बनाया जा रहा है। यहां पर आधुनिक वाशरूम, बैठने के लिए शेड, पेयजल तथा अंडरग्राउंड पार्किंग की निशुल्क सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। लकड़ी, कंडा तथा पंडित की भी व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए न्यूनतम शुल्क लिया जाएगा।
प्रयास ये है कि अंतिम संस्कार कराने के लिए आने वाले लोगों को किसी भी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े। महापौर ने कहा कि शुल्क को लेकर कार्यकारिणी में प्रस्ताव लाएंगे , सदस्यों की सहमति से अंतिम निर्णय लिया जाएगा। महापौर ने कहा कि राजघाट पर आधुनिक शवदाह गृह की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। एलपीजी आधारित शवदाह गृह बन रहा है। लकड़ी आधारित शवदाह गृह में अंतिम संस्कार कराया जा रहा है। इसमें लकड़ी की बड़ी बचत हो रही है। अब सिर्फ 80 किलोग्राम लकड़ी में अंतिम संस्कार हो रहा है।
285.60 करोड़ से हुआ विकास कार्य
महापौर सीताराम जायसवाल ने कहा कि तीन साल में नगर निगम द्वारा 285.60 करोड़ का विकास कार्य कराया जा चुका है। जो भी निर्माण कार्य हो रहे हैं उनकी गुणवत्ता पर कोई अंगुली नहीं उठा सकता है। सीसी रोड का निर्माण अप टू मार्क कराया जा रहा है। शहर में बने किसी भी सीसी रोड की तुलना में नगर निगम के सीसी रोड बेहतर हैं। नगर आयुक्त अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि बेहतर से बेहतर कार्य करने का प्रयास किया जा रहा है। नाला, नाली व सड़क पर सर्वाधिक फोकस किया जा रहा है।
सफाई कार्य में बड़ा सुधार आया जो दिख रहा है। कूड़ा समय से उठ रहा है। स्वच्छता सर्वेक्षण में नगर निगम का रैंक सुधरना इस बात का प्रमाण है कि शहरियों को बेहतर सुविधाएं दी जा रही हैं। सालिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट के लिए जमीन भी लगभग तय हो चुकी है। मेडिकल कालेज रोड पर जमीन मिल गई है। एक और जमीन देखी गई है। इसका प्रस्ताव जिलाधिकारी को भेजा गया है।


टिप्पणियाँ