लड़के को गोली मारकर भाग रहे बदमाश गड्ढे में गिरे, दो गिरफ्तार

        गोरखपुर : चिलुआताल के ताजडीह गांव में शनिवार की सुबह रंजिश में मनबढ़ों ने युवक को गोली मार दी। भागने समय आरोपित बाइक लेकर गड्ढ़े में गिर गए। गांववालों के दौड़ाने पर पैदल भाग निकले। पुलिस ने वारदात में शामिल आरोपित भाइयों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके दो साथियों की तलाश चल रही है। गंभीर रुप से घायल युवक मेडिकल कालेज में भर्ती हैं।
ताजडीह गांव के कृष्‍णा दूबे और राजसजन यादव के बीच कोटे की दुकान को लेकर विवाद है। पूर्व में भी दोनों के बीच मारपीट हो चुकी है। दो दिन पहले कहासुनी हुई थी। शनिवार की सुबह कृष्‍णा दूबे गांव के रहने वाले सूर्य प्रकाश के साथ दवा लेने बाइक से शहर जा रहे थे। मोबााइल घर छूट जाने पर गांव के बाहर रुक गए। मोबाइल लाने के लिए अपने एक परिचित को घर भेजकर सड़क पर इंतजार करने लगे। आरोप है कि इसी बीच गांव के रामसजन अपने भाई रामभजन व दो अन्‍य लोगों के साथ बाइक पहुंचे।
आते ही इन लोगों ने तमंचा से फायरिंग शुरू कर दी जिसमें एक कृष्‍णा के पेट में जा लगी। शोर मचाने पर गांव के लोगों ने आरोपितों को दौड़ा लिया। भागने की कोशिश में रामसजन और रामभजन बाइक लेकर सड़क किनारे गड्ढ़े में गिर गए। बाइक को छोड़कर दोनों खेत के रास्‍ते फरार हो गए। एसएसपी जोगेंद्र कुमार ने बताया कि दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनके साथियों की तलाश चल रही है। मेडिकल कॉलेज में भर्ती युवक की हालात खतरे से बाहर है।


टिप्पणियाँ