यौन शोषण करने के आरोप में पीआरवी सिपाही के खिलाफ एफआईआर

            गोरखपुर : मिशन नारी शक्ति अभियान के बीच महिला की फरियाद पर महराजगंज में एसपी प्रदीप कुमार के निर्देश पर जिले के पीआरवी में तैनात रहे एक सिपाही के खिलाफ सदर कोतवाली में केस दर्ज हुआ है। पति से विवाद में महिला ने पुलिस की मदद के लिए डायल-100 पर फोन किया था। पीआरवी में तैनात सिपाही मौके पर पहुंचा। मामला सुलझाने के नाम पर वह पीड़िता के घर आने-जाने लगा था। आरोप है कि उसी दौरान कोर्ट मैरेज का बहाना बनाकर महिला के साथ मंदिर में शादी कर लिया। तीन साल तक साथ रहने के बाद जब सिपाही ने घर से निकाल दिया तो महिला फरियाद लेकर एसपी के पास पहुंची। इसके बाद कोतवाली में केस दर्ज हो गया है। आरोपित सिपाही इस समय बस्ती जनपद में तैनात बताया जा रहा है।
महिला के मुताबिक उसका मायका कुशीनगर जिला में है। कोठीभार थानाक्षेत्र में शादी हुई है। तीन बच्चे भी हैं। महिला के आरोप के मुताबिक तीन साल पहले पति के साथ उसका विवाद हुआ। इस पर महिला ने डायल-100 पर फोन किया। रवि प्रताप नाम का आरोपित सिपाही पीआरवी पर तैनात था। फोन करने पर वही पहुंचा। मामला सुलझाने के नाम पर घर पर आने-जाने का सिलसिला शुरू कर दिया। धीरे-धीरे मोबाइल पर बात होने लगी। इसी दौरान दोनों में नजदीकी बढ़ गई। महिला का आरोप है कि सिपाही ने बहका कर उससे शारीरिक संबंध बना लिया। तीन साल तक यह सिलसिला जारी रहा। अब उसने घर से निकाल दिया है। महिला फरियाद लेकर थाने पर पहुंची, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। आईजीआरएस पर शिकायत दर्ज कराने के बाद वह एसपी के सामने पेश हुई। एसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए केस दर्ज करने का निर्देश कोतवाली पुलिस को दिया।


“तहरीर के आधार पर आरोपित सिपाही के खिलाफ धारा 493 आईपीसी के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।”- अखिलेश कुमार सिंह, कोतवाल


टिप्पणियाँ