व्यक्ति की गला रेत कर हत्या, पड़ोसी के कमरे में मिला शव


     महराजगंज: कोठीभार क्षेत्र के रायपुर गांव में एक अधेड़ की गला रेत कर हत्या कर दी गई है। शव पड़ोसी के भूसा रखने वाले कमरे से बरामद हुआ। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी गई है। 
रायपुर निवासी शम्भू चौधरी (55) शनिवार की सुबह से ही गायब था। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। इसी बीच रविवार की सायं चार बजे के करीब शंभू के पड़ोस की एक महिला अपने घर के पीछे वाले कमरे में भूसा निकालने गई तो वहां शंभू की लाश देख शोर मचाई। भाग कर अपने घर आई। पूरी बात परिजनों को बताई। पड़ोसियों ने ही कोठीभार पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे एसओ ने जांच-पड़ताल शुरू की। बताया कि अधेड़ का गला रेत दिया गया था, जिससे उसकी मौत हो गई। 
*शम्भू ने की थी दो शादी*
शंभू ने दो शादी की थी। पहली पत्नी से दो बच्चियां पैदा हुई थीं। करीब बीस साल पहले पहली पत्नी कहीं चली गई। उसके बाद शम्भू ने दूसरी शादी की। दूसरी पत्नी से भी एक बेटा व एक बेटी हैं। तीनों बेटियों की वह शादी कर चुका है। बेटे की अभी शादी नहीं हुई है। 
*हत्या से सभी अवाक *
शम्भू की हत्या से ग्रामीण अवाक हैं। ग्रामीणों के मुताबिक शंभू बेहद ही सरल स्वभाव का था। उनका कभी किसी से कोई रंजिश भी देखने को नहीं मिला। किन परिस्थितियों में उनकी निर्मम हत्या कर दी गई यह समझ से परे है। घटना के बाद शंभू के घर में कोहराम मचा है। परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। 
   शुभ नारायण दूबे एसओ कोठीभार ने बताया किरायपुर गांव में भूसा रखने वाले कमरे से एक अधेड़ का शव मिला है। गला रेतकर उसकी हत्या की गई है। पंचनामा के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। जांच-पड़ताल शुरू कर दी गई है। शीघ्र ही हत्या का खुलासा कर दिया जाएगा। ’’ 


टिप्पणियाँ