छेड़खानी के आरोप में सिद्धार्थनगर कलेेक्ट्रेट के दो कर्मचारी गिरफ्तार


        सिद्धार्थनगर : कलेेक्ट्रेट के दो कर्मचारियों को एक महिला को छेड़ना और उसके पति की पिटाई करना भारी पड़ गया। सदर पुलिस ने महिला के पति की तहरीर पर केस दर्ज कर आरोपितों को कलक्ट्रेट से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
सदर थाना क्षेत्र के एक गांव की महिला 25 मई की रात एक गांव में अपनी फ्रेंड के घर बर्थडे पार्टी में शामिल होने अपने पति व दो बच्चों के साथ बाइक से गई थी। रात नौ बजे पार्टी से वापसी के समय महिला ने पति से कहा कि बच्चों को घर छोड़ कर आइए तब तक वह पैदल ही आगे बढ़ रही है। इस दौरान विकास भवन के सामने कलक्ट्रेट में काम करने वाले कनिष्ठ आपदा प्रबंधक शैलेश त्रिपाठी पुत्र करुणेश मिश्र निवासी भऊवापार थाना बेलीपार जिला गोरखपुर हालमुकाम हुसैनगंज थाना सदर व संविदा पर तैनात इलेक्ट्रानिक डिस्ट्रिक मैनेजर अमरेंद्र दुबे पुत्र धीरेंद्र दत्त दुबे निवासी जटेपुर थाना गोरखनाथ जिला गोरखपुर हालमुकाम परसा शाहआलम अकेली पाकर उससे छेड़खानी करने लगे।
तभी महिला का पति भी बाइक से मौके पर पहुंच गया। उसने विरोध किया तो कलक्ट्रेट कर्मियों ने उसकी पिटाई कर दी। शोर सुन कर आसपास के लोग इकठ्ठा होते तब तक दोनों अपना वाहन छोड़ फरार हो गए। घटना के बाद महिला के पति ने सदर थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 354 ख, 323, 427, 504, 269, 188, तीन महामारी व 51 ख आपदा अधिनियम के तहत केस दर्ज कर मंगलवार शाम कलक्ट्रेट से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों को बुधवार को जेल भेज दिया।


टिप्पणियाँ