क्‍वारंटीन सेंटर में बिगड़ैल युवक ने पुलिस से की बदसलूकी, मुकदमा दर्ज  


            महराजगंज : कोरोना के हॉटस्पॉट गांव सदर के कांध में एक महिला की शिकायत पर जांच करने पहुंची पुलिस दूसरे मामले में उलझ गई। होम क्वारंटीन एक युवक स्वास्थ्य विभाग के जिम्मेदारों को गाली बकते मिला। पुलिस कर्मियों ने उसे ऐसा करने से रोका तो वह उन्हीं से उलझ गया। मारपीट करने लगा। इस पर पुलिस कर्मियों ने उसे हिरासत में ले लिया। सरकारी कार्य में बाधा डालने, मारपीट व महामारी अधिनियम के तहत आरोपित युवक के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
घटना शुक्रवार की देर रात की है। कांध गांव की एक महिला ने पुलिस से शिकायत की थी कि उसकी झोपड़ी को जला दिया गया है। इसी मामले की जांच करने पकड़ी चौकी से दो पुलिस कर्मी कांध गांव में गए थे। महिला अभी घर नहीं पहुंची थी। पुलिस कर्मी घटना के बारे में पूछताछ कर रहे थे कि इसी दौरान उनको जानकारी मिली कि बाहर से आया होम क्वारंटीन एक युवक स्वास्थ्य विभाग के लोगों को गाली दे रहा था। पुलिस कर्मी उसे समझाने पहुंच गए। इस पर युवक पुलिस कर्मियों से भी उलझ गया। ईंट-पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। थोड़ी ही देर में आरोपित गिरफ्तार कर लिया गया।
सदर कोतवाल एस के सिंह ने बताया कि आरोपित युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने व महामारी अधिनियम समेत कई धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है।


टिप्पणियाँ