दूल्‍हे की ज्‍यादा उम्र देख दुल्‍हन ने शादी से किया इनकार


          देवरिया : दूल्‍हे की ज्‍यादा उम्र देखकर दुल्‍हन ने शादी से इनकार कर दिया। इस पर बवाल मच गया। बात थाने तक पहुंची तो पुलिस सभी को लेकर थाने पहुंची। थाने में तीन घंटे पंचायत चली लेकिन बात नही बनी। दुल्‍हन शादी को तैयार नहीं हुई। अंतत: हरियाणा से आए दूल्‍हे को निराश होकर वापस लौटना पड़ा।
देवरिया के लार थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती की शादी हरियाणा के रहने वाले एक युवक के साथ तय थी। युवती का भाई व रिश्तेदार रविवार को उसे लेकर लार पहुंचे। यहीं पर एक व्यक्ति के घर दिन में ही शादी होनी थी। चार-पांच लोगों के साथ दूल्हा पहले से यहां पहुंचा था। युवती को बताया गया था कि दूल्हा बिजनेसमैन है लेकिन बातचीत में उसे पता चला कि वह ठेले पर सब्जी बेचता है। यही नहीं उसकी उम्र भी 40 साल से अधिक थी। यह देख युवती ने शादी से इंकार कर दिया।
इस पर युवती के परिजन व रिश्तेदार जबरदस्ती शादी करने का दबाव बनाने लगे। पर युवती अपने निर्णय से टस से मस नहीं हुई। इस पर हंगामा होने लगा। इसी दौरान किसी ने डॉयल 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को लेकर थाने चली गई। यहां पर करीब दो घंटे तक पंचायत होती रही। थानाध्यक्ष गिरिजेश तिवारी ने बताया कि परिजन व रिश्तेदार युवती को समझाते रहे परन्तु वह अपने निर्णय पर अड़ी रही। अंत में दूल्हा अपने परिजनों के साथ वापस हरियाणा लौट गया।


टिप्पणियाँ