हुक्का बार पर पुलिस का छापा, नौ गिरफ्तार


          गोरखपुर : हुक्काबार की चेकिंग और छापमारी को लेकर शुक्रवार की शाम को पुलिस ने अभियान चलाया जिमसें गोरखनाथ और शाहपुर के दो हुक्काबार खुले मिले। यहां छापा डालकर संचालक समेत नौ लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। पाबंदी के बाद भी हुक्काबार खोलने पर संचालक तथा लॉकडाउन के बाद भी शामिल हुए युवकों के खिलाफ पुलिस ने महामारी एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। हालांकि बाद में पुलिस ने आरोपितों को मुचलके पर छोड़ दिया।
एसएसपी डॉ. सुनील गुप्ता को शुक्रवार की दोपहर में सूचना मिली कि शहर में रेस्टोरेंट की आड़ में चल रहे हुक्काबार में युवकों का जमावड़ा लग रहा है। पाबंदी के बाद भी युवक हुक्काबार में पार्टी कर रहे हैं। एसपी सिटी के साथ ही शहर के सभी सीओ, थानेदार और चौकी प्रभारी को शहर के सभी हुक्काबार को चेक करने का निर्देश दिया। गोरखनाथ पुलिस ने जामियानगर मोहल्ले में स्थित तलब रेस्टोरेंट में छापा डाला संचालक समेत आठ लोगो को हुक्का पीते पकड़ लिया। शाहपुर पुलिस ने जेल बाईपास रोड पर स्थित टेन टू इलेवन हुक्काबार में छापा डाला संचालक को हिरासत में ले लिया। एसएसपी डॉ. सुनील गुप्ता ने बताया कि हुक्काबार में पकड़े गए लोगों के खिलाफ निषेधाज्ञा का उल्लंघन और महामारी एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।
तीन दिन पहले युवकों ने गोरखनाथ और कैंट थानाक्षेत्र में स्थित हुक्काबार में पार्टी की थी। जिसका फोटो सोशल मीडिया पर शेयर किया था। कुछ लोगों ने लॉकडाउन के दौरान हुक्काबार में पार्टी करने पर सवाल उठाया तो युवकों ने फोटो हटा लिया। सीओ, थानेदार और चौकी प्रभारी को इसकी भनक नहीं लगी। शुक्रवार को एसएसपी को इसकी खबर लगी तो उन्होंने पूछताछ शुरू की तो एसपी सिटी सक्रिय हुए।


टिप्पणियाँ