शक होने पर मरवा दी गोली


         गोरखपुर : पुलिस ने सोमवार को एक हैरान करने वाला खुलासा किया है। यहां एक शख्स ने अपनी ही पत्नी को जान से मारने के लिए 2 लाख रुपये की सुपारी दे दी थी। यही नहीं आरोपी पति विदेश में रहकर एक साफ्टवेयर के जरिए अपनी पत्नी पर नजर रखता था।
एसपी सिटी डॉ. कौस्तुभ व सीओ क्राइम प्रवीण सिंह ने बताया कि बीते तीन जून की रात में पादरी बाजार के ईस्टर्नपुर में रहने वाली महिला कलीमुनिशा को गोली मारी गई थी। तब उन्होंने अपने किराएदार साहिल पर शक जाहिर किया था। बताया था कि दो दिन से वह अपनी कथित पत्नी से विवाद कर रहा था। फिर सामान बिना किराया दिए ले जा रहा था। रोका तो उसके साथ मौजूद शख्स ने गोली मार दी। पुलिस के मुताबिक, घटना के समय साहिल के साथ मौजूद शूटर मोहम्मद इफ्तेखार ने चेहरे पर गमछा लगा रखा था। इसलिए कलीमुनिशा उसे पहचान नहीं पाई।
पुलिस की जांच में पता चला है कि वर्ष 2016 में नायब अली घर आया था। तब उसने पत्नी को एक महंगा मोबाइल उपहार में दिया था। उस मोबाइल में एक ऐसा साफ्टवेयर इंस्टाल कराया गया था, जिससे वह अपने फोन के जरिए ही पत्नी की बातचीत के बारे में जान सकता था। पत्नी ने किससे और कितनी देर तक बात की, या फिर कोई संदेश भेजा या नहीं, यह सब जानकारी उस तक पहुंच रही थी। उसने पूछताछ में पुलिस को बताया कि मोबाइल में कुछ ऐसे संदेश आए-गए थे जिससे उसे पत्नी पर शक होने लगा था।


टिप्पणियाँ