गोरखपुर से मुंबई के लिए अब हफ्ते में तीन दिन, कोलकाता-प्रयागराज के लिए रोज फ्लाइट

गोरखपुर से मुंबई के लिए दूसरी उड़ान शुक्रवार से फिर शुरू हो गई। पहले दिन 120 यात्रियों ने सफर किया। वहीं शुक्रवार से ही कोलकाता की रोजाना फ्लाइट हो गई। विमान कंपनी इंडिगो ने मुम्बई की दूसरी उड़ान 13 जुलाई से ही यह सेवा शुरू कर दी थी लेकिन तकनीकी वजहों से दो दिन बंद हो गई। अब कंपनी ने फिर से यह उड़ान शुरू की है। 


एयरपोर्ट निदेशक एके द्विवेदी ने बताया कि सप्ताह में तीन दिन सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को मुंबई के लिए इंडिगो की उड़ान होगी। उधर गोरखपुर से कोलकाता और प्रयागराज के लिए इंडिगो की फ्लाइट शनिवार से रोजाना उड़ेगी। पहले यह सप्ताह में चार दिन ही उड़ान भर रही थी। 


वहीं स्पाइस जेट का 180 सीटर विमान गोरखपुर से मुंबई के लिए रोजाना उड़ान भरता है। इंडिगो भी लंबे समय से मुंबई के लिए सेवा शुरू करने की कोशिश में थी। लेकिन मुंबई एयरपोर्ट पर स्लॉट खाली न होने से उड़ान की अनुमति नहीं मिल रही थी। लॉकडाउन के बाद इंडिगो ने दिल्ली, हैदराबाद, कोलकाता, प्रयागराज के साथ ही मुंबई के लिए उड़ान शुरू करने का प्रस्ताव तैयार किया था। इंडिगो की मुम्बई की फ्लाइट शुरू हो जाने के बाद गोरखपुर से फ्लाइट की संख्या नौ हो गई है। इसमें चार दिल्ली, दो मुम्बई, एक कोलकाता, एक प्रयागराज और एक हैदराबाद की फ्लाइट शामिल है।


टिप्पणियाँ