संतकबीर नगर में फिर 25 लोग कोरोना की चपेट में, अब तक 367 संक्रमित 


        संतकबीर नगर : जिले में शनिवार को 275 लोगों के सैंपल की रिपोर्ट आई। इसमें 250 निगेटिव रहीं, वहीं 25 लोग कोरोना पॉजिटिव निकले हैं। इस तरह जनपद में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर अब 367 हो गई है। बढ़ती संख्या से जनपद के लोगों में कोरोना के प्रति भय बढ़ता जा रहा है। जनपद में सर्वाधिक बघौली ब्लाक में 10,  सेमरियावां ब्लाक में पांच, मेंहदावल ब्लाक में चार, नाथनगर ब्लाक में तीन एवं पौली, खलीलाबाद व सांथा ब्लाक में एक-एक कुल 25 लोग जांच में कोरोना पाॅजिटिव निकले हैं। इसमें 10 महिलाएं और 15 पुरुष शामिल हैं। इन सभी मरीजों को उपचार के लिए सेंट थामस इंटर कालेज-खलीलाबाद के कोरोना एल वन वार्ड में भर्ती किया जाएगा। जिले में अब तक सात लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है, जबकि कोरोना वार्ड में भर्ती 235 पाॅजिटिव मरीज स्वस्थ होकर अपने घर जा चुके हैं। वहीं 125 पाॅजिटिव मरीजों का कोरोना वार्ड में उपचार चल रहा है। अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डा. मोहन झा ने यह जानकारी दी है।


टिप्पणियाँ