सौतेली मां ने मासूम बच्‍ची को फेंक दिया तालाब में

          महराजगंज : साल भर की मासूम बच्ची को उसकी सौतेली मां ने रात के अंधेरे में घर के पीछे तालाब में फेंक दिया। बच्‍ची की तत्‍काल मौत हो गई। उधर, घर लौटकर बीवी ने अपने शौहर के सामने यह गुनाह कबूला तो कोहराम मच गया।
आनन-फानन में तालाब में बेटी की तलाश की गई। तब तक उसकी जान जा चुकी थी। शौहर की तहरीर पर बीवी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। लेकिन फिलहाल पुलिस उसे गिरफ्तार नहीं कर पाई है। महराजगंज के पुरंदरपुर क्षेत्र के सोनवल गांव के अब्दुल कादिर ने बेटी पैदा होने पर पहली बीवी से तलाक ले लिया था। वह बेटी को छोड़कर चली गई। उस लड़की का पालन-पोषण अब्दुल कादिर के बड़े भाई करते हैं। पहली पत्नी के जाने के बाद अब्दुल कादिर ने दूसरी शादी की। साल भर पहले मासूम बच्ची को जन्म देने के बाद दूसरी पत्नी की मौत हो गई। 
इसके बाद अब्दुल कादिर ने बच्ची की देखभाल के नाम पर तीसरी शादी की। परिवार में अब्दुल कादिर, साल भर की मासूम बच्ची सादिया और तीसरी पत्नी रसीदुन निशा रहने लगे। तीसरी पत्नी भी तीन माह की गर्भवती बताई जा रही है। परिवार में कोई विवाद नहीं था। सब हंसी-खुशी चल रहा था। पुलिस को दी तहरीर में अब्दुल कादिर ने बताया कि सोमवार की रात साल भर की सादिया को उसकी सौतेली मां ने घर के पीछे पानी से भरे बड़े गड्ढे में फेंक दिया।
बच्ची को गड्ढे में फेंकने के बाद घर लौटकर उसने खुद ही उसे इस बारे में जानकारी दी।  शौहर से कहा कि उसने सादिया को पानी में फेंक दिया है। इसके बाद सभी बदहवास हो गए। पानी से भरे गड्ढे से सादिया को बाहर निकाला गया। लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई थी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने मंगलवार को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।


टिप्पणियाँ