विकास भवन के दो, नगर पालिका के नौ कर्मियों समेत 35 संक्रमित

              देवरिया : जिले में शुक्रवार को 35 और कोरोना पॉजिटिव मिले है। नए संक्रमितों को मिलाकर अब तक जिले में कुल 556 केस मिल चुके हैं। इसमें से 273 ठीक होकर घर जा चुके हैं। अब तक पांच की मौत हो गई। सभी संक्रमितों को कोविड-19 अस्पताल में भर्ती कराया गया है। संक्रमितों मे विकास भवन और नगर पालिका के कर्मी भी हैं।
रघवापुर गांव निवासी 40 वर्षीय शख्स शहर के चर्चित ज्ञानी समोसा वाले के यहां काम करता है। यह शख्स जांच में संक्रमित मिला है। इसी के गांव का 16 वर्षीय युवक, छितौनी गांव का 40 वर्षीय शख्स, लार कस्बे के एक मस्जिद के 55 वर्षीय इमाम, बरहज निवासी 60 वर्षीय शख्स, बनकटा के प्रताप छापर गांव के 27 वर्षीय युवक कोरोना संक्रमित मिला है। वहीं नगर पालिका के बाबू, चपरासी समेत नौ लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। भीखमपुर रोड के 78 वर्षीय बुजुर्ग, रामगुलाम टोला के 26 वर्षीय महिला, 19 व 18 वर्षीय युुवतियां, 47 वर्षीय शख्स, डीपीआरओ और सीडीओ कार्यालय के दो बाबू की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। नगर पालिका के एक कर्मचारी ऐसा है जो कर्मचारियों के अलावा शहर के प्रमुुख लोगों के संपर्क में रहता है। इसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद संपर्क में रहने वालों की चिंता बढ़ गई है। लार कस्बे में इमाम के परिवार को होम क्वारंटीन के लिए निर्देश दिया गया है। शहर के रामगुलाम टोला, राघव नगर, भीखमपुर रोड में संक्रमितों के मिलने के बाद एरिया को सील कर दिया गया है। नगर पालिका के संक्रमित एक बाबू की पत्नी और परिवार के लोग भी संक्रमित हो गए हैं। चेयरमैन के संपर्क में रहने वाले कई कर्मचारियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। अन्य कर्मचारियों में दहशत फैल गया है। यह जानकारी सीएमओ डॉ. आलोक पांडेय ने दी। उन्होंने कहा कि संक्रमितों के संपर्क में आने वालों का ब्योरा जुटाया जा रहा है।


टिप्पणियाँ