बुजुर्ग महिला से दुष्कर्म की हुई पुष्टि, आरोपी पर बढ़ाई गई धारा

       गोरखपुर : शहर के गोरखनाथ इलाके में रहने वाले युवक की 80 साल से अधिक उम्र की मां के साथ मारपीट के अलावा दुष्कर्म भी किया गया था। डॉक्टर के बयान के बाद पुलिस ने दुष्कर्म की धारा बढ़ा दी है। वहीं, शनिवार को आरोपित आकाश बंजारा को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेजा गया।
जानकारी के मुताबिक, रहने के लिए स्कूल में ही मिले एक कमरे में बुजुर्ग महिला सोई थी और बेटा छत पर था। रात में 40 से अधिक उम्र का शख्स बुजुर्ग महिला के कमरे में दाखिल हो गया। उसने महिला के साथ मारपीट करने के साथ ही दुष्कर्म भी किया। दुष्कर्म की वजह से महिला के प्राइवेट पार्ट्स से रक्तस्राव होने लगा था। अगले दिन सुबह यानी शुक्रवार को भी आरोपित मौके पर ही मौजूद था। नशे में होने की वजह से वह भाग नहीं पाया।
सूचना पर आई पुलिस ने आरोपित आकाश बंजारा को हिरासत में ले लिया और पीड़ित को मेडिकल कॉलेज गायनी वार्ड में भर्ती कराया था, जहां देर रात महिला की सर्जरी करनी पड़ी। इलाज करने वाली डॉक्टर के बयान के आधार पर दुष्कर्म की पुष्टि हुई है, जिसके बाद पुलिस ने दर्ज केस में धारा बढ़ा दी गयी है।
बेटे ने दर्ज कराया था मारपीट का केस
बेटे ने मारपीट का केस दर्ज कराया था। तहरीर में उसने आशंका जताई थी कि आरोपित चोरी की नीयत से घुसा था। इस दौरान विरोध करने पर उसने मां के साथ मारपीट की थी, जिससे चोट आई थी। पुलिस ने इसी तहरीर के आधार पर मारपीट का केस दर्ज कर मेडिकल रिपोर्ट आने की बात कही थी। इसी बीच शुक्रवार को पुलिस ने डॉक्टर का बयान लिया फिर दुष्कर्म की धारा बढ़ा दी है।
सीओ गोरखनाथ प्रवीण सिंह ने कहा कि बुजुर्ग महिला के बेटे की तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया था। डॉक्टर के बयान के आधार पर दुष्कर्म की धारा बढ़ाकर आरोपित को जेल भेजा गया। मेडिकल रिपोर्ट अभी नहीं आई है। नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।


टिप्पणियाँ