खपरैल का मकान गिरने से दबकर पति की मौत, पत्नी घायल

          संतकबीरनगर : जिले के बेलहर क्षेत्र के मुड़िलाकला गांव में शनिवार की रात खपरैल का मकान गिर जाने से मलबे के नीचे दबकर बुजुर्ग की मौत हो गई, वहीं उसकी पत्नी घायल हो गई। घटना के बाद आस-पास के ग्रामीण मौके पर जुट गए। बाद में पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। रविवार को पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बेलहर क्षेत्र के मुड़िलाकला गांव निवासी रामलखन (75) पुत्र बद्री चौरसिया अपनी 70 वर्षीय पत्नी अताई देवी के साथ खपरैल के मकान में रहते थे। शनिवार की रात अचानक खपरैल का मकान गिर गया। मलबे के नीचे सोए बुजुर्ग दंपती दब गए।
हादसे में पति रामलखन चौरसिया की मौत हो गई। जबकि पत्नी अताई देवी गंभीर रुप से घायल हो गई। पीड़ित बेटे सुखई ने बताया की गांव के उत्तर दिशा में उसका खपरैल का मकान हैं, जहां उसके बुजुर्ग मां- बाप रहते थे। रात में अचानक खपरैल का मकान गिर जाने से पिता की मलबे के नीचे दबकर मौत हो गई। जबकि मां घायल हो गई।
घटना की जानकारी होने पर गांव के तमाम लोग पहुंच गए। मां को निकट के अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। एसओ प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि वृद्घ के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
इधर सूचना पर रविवार को नायब तहसीलदार वाचस्पति सिंह और लेखपाल घनश्याम भी मौके पर पहुंच कर पीड़ित परिजनों से घटना की जानकारी जुटाई। नायब तहसीलदार ने पीड़ित परिजनों को आर्थिक मदद दिलाए जाने के लिए प्रशासन को रिपोर्ट सौंपने की बात बताई।


टिप्पणियाँ