महराजगंज में आरटीओ अधिकारी की कोरोना से मौत, 49 मिले पॉजिटिव

       महराजगंज : सहायक संभागीय परिवहन विभाग महराजगंज के यात्रीकर अधिकारी जितेंद्र कुमार दीक्षित की लखनऊ के एक निजी अस्पताल में कोरोना से मौत हो गई, वहीं जिलाधिकारी के कैंप कार्यालय के एक कर्मचारी का बेटा और कोतवाली के 11 सिपाही सहित 49 लोग पाॅजिटिव पाए गए हैं।  एआरटीओ, कैंप कार्यालय और कोतवाली को सैनिटाइज कराया जा रहा है। जबकि 12 मरीजों के स्वस्थ होने पर डिस्चार्ज किया गया है। जिले में कुल मरीजों की संख्या 812 हो गई है। इसमें आठ की मौत हो चुकी है। 424 स्वस्थ हो गए हैं। वर्तमान में 380 मरीजों का इलाज चल रहा है।
सीतापुर के मूल निवासी यात्रीकर अधिकारी जितेंद्र कुमार दीक्षित (57 वर्ष) का लखनऊ में भी आवास है। महराजगंज में ड्यूटी करने के बाद 29 को लखनऊ अपने निजी काम से दो दिनों का अवकाश लेकर चले गए थे। शुगर  के मरीज होने के नाते उन्होंने सतर्कता के तौर पर लखनऊ के एक निजी अस्पताल में अपनी जांच कराई तो रिपोर्ट पाॅजिटिव आई। इसके बाद 31 जुलाई की रात में भर्ती हुए। एआरटीओ आरसी भारतीय ने बताया कि एक अगस्त को करीब तीन बजे उनके मौत की खबर आई है। कार्यालय को सैनिटाइज कराया जा रहा है।


टिप्पणियाँ