सोहगीबरवा जंगल में मिला तेंदुए का क्षत विक्षत शव

              महराजगंज : बिहार के वाल्‍मीकिनगर टाइगर रिजर्व (वीटीआर) के सटे महराजगंज जिले के सोहगीबरवा वन्य जीव प्रभाग के शिवपुर रेंज में रविवार की सुबह वनकर्मियों ने एक तेंदुए का क्षत विक्षत शव बरामद किया है। घटना स्थल पर बाघ के पदचिन्ह मिलने से आशंका जताई जा रही है कि बाघ ने ही तेंदुए को अपना शिकार बनाया है। वनकर्मियों को कुछ ग्रामीणों से सूचना मिली कि जंगल मे एक तेंदुए का शव नजर आया है। इसके बाद शिवपुर रेंजर उमाशंकर लाल के नेतृत्व में वन विभाग की टीम हरकत में आई और शव ढूंढना शुरू किया। लेकिन देर रात तक कोई सफलता नहीं मिलने पर वनकर्मी लौट लाए।
रविवार की भोर में दोबारा वन कर्मी जंगल की तरफ गए, जहां सुबह  शिवपुर रेंज के अंतर्गत बीट संख्या-54 के कम्पार्ट संख्या- दो में तेंदुए का क्षत विक्षत शव बरामद किया है। डीएफओ पुष्प कुमार के ने कहा कि तेंदुए के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्‍टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत के कारणों का पता चल सकेगा।


टिप्पणियाँ