खोजते हुए शहर पहुंची प्रेमिका ने दर्ज कराया मारपीट, दहेज उत्पीड़न का केस

       गोरखपुर :शाहपुर के जंगल तुलसीराम बिछिया निवासी दीपचंद यादव (32) ने दिल्ली में प्रेमिका से दूसरी शादी कर ली। घरवालों ने नाराजगी जताई तो वह मां की तबीयत खराब होने का बहाना बनाकर गोरखपुर लौट आया और मोबाइल ऑफ कर दिया।
कई दिन बीतने के बाद प्रेमिका दीपचंद को खोजते हुए उनके घर जा पहुंची तो घरवालों ने मारपीट कर भगा दिया। अब प्रेमिका ने दीपचंद और उनके परिवार पर शाहपुर थाने में मारपीट, दहेज उत्पीड़न की धाराओं में केस दर्ज करा दिया है।
जानकारी के मुताबिक, दीपचंद यादव दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करते हैं। दिल्ली जाने से पहले उनकी शादी हो चुकी थी। इस शादी से उन्हें एक बच्चा भी है। उरुवां की रहने वाली युवती रोशनी यादव का आरोप है कि दीपचंद का उनसे प्रेम-संबंध था।
रोशनी के अनुसार आठ अगस्त 2020 को दीपचंद ने दिल्ली के आर्य समाज मंदिर में उनसे शादी कर ली। इसके बाद नौ सितंबर को मां के बीमार होने की बात कह दीपचंद गोरखपुर चले आये और मोबाइल बंद कर लिया।
संपर्क न होने पर रोशनी 14 सितंबर को दीपचंद को ढूंढते उनके घर बिछिया पहुंच गई। आरोप है कि दीपचंद की पहली पत्नी संजू, सास रीता देवी, ननद ममता, जेठ सुशील यादव ने घर के अंदर घुसने नहीं दिया।
मंदिर में शादी करने की जानकारी देने पर उसे पीटकर भगा दिया। रोशनी ने थाने पहुंचकर घटना की जानकारी दी, लेकिन कोई मदद नहीं मिली। एसएसपी से गुहार लगाने पर मामला दर्ज हो सका। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।


टिप्पणियाँ