मगरमच्‍छ का आतंक, नदी में मछली पकड़ने उतरे लड़के को खींच ले गया

        महराजगंज : पनियरा क्षेत्र के डोमरा टोला खजुरी के एक 40 वर्षीय युवक को गुरुवार को एक मगरमच्छ रोहिन नदी में खींच ले गया। इस घटना से क्षेत्र में सनसनी मच गई। परिजन व ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पुलिस भी आ गई, लेकिन युवक का पता नहीं चल पाया। मगरमच्छ के डर से लोग रोहिन नदी में घुसने से कतरा रहे है।
डोमरा टोला खजुरी निवासी 40 वर्षीय राजेन्द्र निषाद गुरुवार को रोहिन नदी में मछली पकड़ने गया था। इसी दौरान नदी से निकला एक मगरमच्छ राजेन्द्र को पानी मे खींच ले गया। अगल-बगल मौजूद लोगों ने शोर मचाया तो ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस भी पहुंची, लेकिन राजेन्द्र का पता नहीं चल पा रहा है। मगरमच्छ के डर से कोई नदी में घुसने को तैयार नहीं है। इस घटना से राजेन्द्र के परिजन बदहवास हो गए हैं। परिवार में पत्नी दीपमाला के अलावा बड़ी बेटी 14 वर्षीया रीना व छोटा बेटा 12 वर्षीय अखिलेश का रो-रोकर बुरा हाल है। 
एक हफ्ते पहले चरवाहा पर भी मगरमच्छ ने किया था हमला
रोहिन नदी में मगरमच्छों के आतंक से लोग दहशत में हैं। बीते 23 अगस्त को परमहंस नाम का एक चरवाहा भैंस को रोहिन नदी में नहलाने के लिए ले गया था। उसी दौरान मगरमच्छ ने हमला कर दिया। इस घटना में परमहंस का पैर गंभीर रूप से जख्मी हो गया। परमहंस का इलाज चल रहा है।


टिप्पणियाँ