सफाई के नाम पर जालसाजों ने साफ कर दिए चार लाख के जेवर

       कुशीनगर : जनपद के कसया थाना क्षेत्र के ग्राम सभा डुमरी चुरामन छपरा में मंगलवार को दोपहर में जालसाजों ने महिलाओं से जेवर साफ करने के बहाने लगभग चार लाख का सोने का आभूषण पार कर दिए। गंभीर बात यह है कि स्नातक की छात्रा जालसाजों के झांसे में आ गयी और घर का सारा जेवर साफ करने के लिए सौंप दिया। जालसाज बिना नम्बर की अपाची बाइक से घर पर गये थे। मौके पर पहुंची पुलिस जांच पड़ताल में जुट गयी है।
डुमरी चुरामन छपरा निवासी विकास श्रीवास्तव के घर दोपहर में अपाची बाइक से दो युवक आये और बताया कि वह जेवरों की सफाई के एक्सपर्ट हैं। साफ करने को घर के पुराने जेवर मांगे। तब दरवाजे पर परिवार की नेहा श्रीवास्तव मौजूद थी। घर में दादी व मां थीं। नेहा स्नातक की छात्रा है फिर भी वह जालसाजों के झांसे में आ गयी। वह अंदर गई और मां व दादी से पूछ कर घर के सारे पुराने जेवर निकालकर साफ करने के लिए दे दिया। 
जालसाज ब्रश से जेवरों को साफ करने लगे और  महिलाओं से पानी गर्म कर लाने को कहा। जिस पर परिवार की महिलाएं पानी गर्म करने घर के अंदर गयीं और इसके कुछ ही क्षणों बाद जालसाज मौका देखकर जेवर समेट कर फरार हो गये। उसके बाद महिलाओं ने शोर मचाया तो आसपास के लोग जुटे लेकिन  तब तक जालसाजों का दूर दूर तक पता नहीं था। पुलिस को सूचना दी गयी।
पुलिस को नेहा श्रीवास्तव ने बताया कि सोने का चेन दो पीस, मंगलसूत्र दो पीस, मांगटीका दो पीस, कान की बाली तीन जोड़ी, अंगूठी एक पीस लेकर जालसाज फरार हो गये। स्थानीय पुलिस ने परिजनों से जालसाजों के हुलिए आदि की जानकारी ली और छानबीन में लगी हुई है। एसओ कसया रामअशीष यादव ने बताया कि सूचना मिली है। छानबीन की जा रही हैं। तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज किया जायेगा।
पुलिस की अपील, अनजान लोगों को कदापि न दें कीमती सामान
पुलिस ने जिले के लोगों से अपील की है कि जेवरों को साफ कराना हो तो परिचित सर्राफ की दुकान पर जाएं। अनजान लोगों को कदापि कीमती सामान न दें। ऐसी पहले भी कई घटनाएं हो चुकी हैं, जब जालसाज घर पर पहुंचकर जेवर साफ करने के दावे करते हैं और फिर पानी गर्म करने आदि जैसा न कोई न कोई बहाना बना लोगों का घ्यान भटकते ही जेवर लेकर फरार हो जाते हैं। पुलिस ने अपील की है कि ऐसे लोग यदि गांव में दिखें तो पुलिस को सूचना दें।


टिप्पणियाँ