पत्‍नी को मनाने में नाकाम युवक ने खुद को फांसी लगाकर दे दी जान

         गोरखपुर : गृह कलह से तंग आकर एक युवक ने बीती रात में खुदकुशी कर ली। पड़ोसियों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकाला। युवक का उसकी पत्नी से विवाद चल रहा था। पत्नी मायके में थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पिपराइच क्षेत्र के करमैनी निवासी कोइल के 30 वर्षीय पुत्र ईश्वर की शादी चार वर्ष पूर्व महराजगंज के पनियरा क्षेत्र के नटवा जंगल निवासी नीलम से हुई थी। दोनों की कोई संतान नहीं है। एक सप्ताह पूर्व से पति-पत्नी में विवाद हुआ। सुबह पत्नी के घर वाले आए और उसे लेकर चले गए। पत्नी को बुलाने ईश्वर दो तीन बार ससुराल गया लेकिन उसका पत्नी से विवाद होता रहा।
शुक्रवार को ससुराल से आने के बाद से ही वह तनाव में था। रविवार की रात में दरवाजा अन्दर से बन्द कर छत की कुन्डी में साड़ी का फन्दा लगाकर वह झूल गया। सोमवार की सुबह आठ बजे तक जब दरवाजा नहीं खुला तो गांव वालों को शक हुआ। लोगों ने इसकी सूचना ग्राम प्रधान के माध्यम से पिपराइच थाने पर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो अंदर ईश्वर का शव लटकता हुआ मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टर्माटम के लिए भेज दिया।


टिप्पणियाँ