उच्‍चके ने लॉकेट लगवाने के बहाने लूटी दारोगा की पत्नी की चेन

            देवरिया : एक उच्चके ने दारोगा की पत्नी की सोने की चेन, अंगूठी और मोबाइल उड़ा लिया। उसने सोने की चेन में लॉकेट लगवाने की बात कह कर दरोगा की पत्नी को झांसे में लिया। तरकुलवां पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। बेटी के साथ गुरुवार को स्कूटी से देवरिया आते समय तरकुलवां थाना क्षेत्र के कोन्हवलिया के पास दरोगा की पत्नी के साथ यह घटना हुई। तरकुलवा थाना क्षेत्र के जलुआ गांव के रहने वाले रवि प्रताप सिंह सेंगर पुलिस विभाग में दारोगा हैं। वर्तमान में उनकी तैनाती बहराइच जिले में है। उनका परिवार शहर के सोमनाथ नगर में रहता है।
उनकी पत्नी नर्वदा सिंह बेटी क्षमा सिंह के साथ दशहरा में गांव गई थी। गुरुवार की दोपहर में मां-बेटी स्कूटी से वापस शहर आ रही थी। अभी वह देवरिया-कसया मार्ग स्थित कंचनपुर चौराहे से आगे बढ़ी थी कि एक बुलेट सवार युवक पीछे लग गया। कोन्हवलिया गांव के समीप पहुंचने पर उसने बुलेट से ओवरटेक कर स्कूटी सवार मॉ-बेटी को रोक लिया। उसने महिला को बताया कि उसकी बहराइच में कपड़े की दुकान है।
दारोगा रवि प्रताप सिंह सेंगर आपकी चेन में सोने का लॉकेट लगवाने को बोले हैं। नर्वदा ने पति के पास फोन करने के लिए मोबाइल निकाली तो बुलेट सवार युवक उनसे मोबाइल लेकर स्वंय बात करने लगा। इसके बाद उनको विश्वास में लेकर उनकी बेटी क्षमा को मोबाइल, चेन और अंगूठी के साथ अपनी बुलेट पर बैठा लिया।  कुछ दूरी तक जाने के बाद उसने चेन, अंगूठी और मोबाइल छीन लिया और छमा को गाड़ी से धक्का देकर नीचे गिराने के बाद फरार हो गया। बेटी के वापस लौटने पर नर्वदा को घटना की जानकारी हुई तो वह बदहवाश हो गईं। उन्होंने तरकुलवां पुलिस को जानकारी देने के साथ ही पति को घटना के बारे में बताया। मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला से पूरी जानकारी लेते हुए छानबीन शुरू कर दी।


टिप्पणियाँ