आगरा के एसएसपी के बाद जिलाधिकारी कोरोना पॉजिटिव, कमिश्नर भी हो चुके हैं संक्रमित

 डॉ0 एस0 चंद्रा

     


  आगरा : जिलाधिकारी प्रभु एन सिंह की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वह होम आइसोलेशन में चले गए हैं। जिलाधिकारी का काम मुख्य विकास अधिकारी देखेंगी। सात नवंबर को एसएसपी बबलू कुमार के कोरोना संक्रमित होने पर जिलाधिकारी ने दो दिन बाद अपनी कोरोना जाच कराई थी। उसमें वह निगेटिव आए थे। उसके बाद दो दिन पहले उन्हें खांसी, जुकाम और बुखार के हल्के लक्षण दिखे तो आरटीपीसीआर कराई। शुक्रवार को उनकी रिपोर्ट पाजिटिव आई। इससे पहले  कमिश्नर भी कोरोना पॉजिटिव आ चुके हैं। 

कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद वह अवकाश पर चले गए हैं। उन्होंने बताया कि हल्के लक्षण होने पर जांच कराई थी। वह फिलहाल होम आइसोलेशन में हैं। उन्होंने बताया कि उनका काम मुख्य विकास अधिकारी जे रीभा देखेंगी। जिलाधिकारी इससे पहले भी दो बार एहतियात के तौर पर होम आइसोलेट हो चुके हैं। एक बार अपने स्टेनों के संक्रमित होने पर और दूसरी बार एसएसपी के संक्रमित होने पर होम आइसोलेट हुए थे। अब जिलाधिकारी आवास और उनके कार्यालय में मौजूद सारे स्टाफ की भी जांच होगी। साथ ही दो-तीन दिन बाद उनके परिवार के लोगों की भी जांच होगी।

जिलाधिकारी प्रभु एन सिंह कोरोना काल में जिले में सबसे ज्यादा सक्रिय रहे। स्वयं आगे बढ़कर हॉट स्पाट क्षेत्रों से लेकर अन्य इलाकों का भ्रमण करते रहे। लोगों को जागरूक करने के लिए स्वयं बाजारों में पहुंचकर उन्हें कोविड प्रोटोकाल का पालन करने के लिए समझाते रहे। लगातार बैठकें कर लोगों की परेशानियों को जानते और समझने के बाद उनके हित में निर्णय लिये।

सिंह ने स्वास्थय विभाग से लेकर एसएनएमसी के स्टाफ के साथ भी लगातार बैठकें कर उनका लगातार मार्गदर्शन किया। देश-विदेश में कोरोना का ट्रेंड क्या चल रहा है। इस पर भी उन्होंने लगातार नजर रखी। उसी के अनुसार जिले में कोरोना की रोकथाम के लिए रणनीति बनाते रहे। आगरा जिले में कोरोना के लिए किए गए कार्यों की स्वयं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय से लेकर मुख्यमंत्री ने भी प्रशंसा की। साथ ही प्रदेश में आगरा मॉडल पर काम भी कराया गया।

जिलाधिकारी के अनुसार मुझे हल्के लक्षण हैं। कोई रिस्क नहीं लेना था। इसलिए होम आइसोलेट हो गया हूं। तीन चार दिन पहले से मेरे संपर्क में जो भी अधिकारी, अन्य स्टाफ और आम लोग आए हों। वह भी अपनी कोरोना जांच करा लें। 

ये खास लोग भी हो चुके हैं संक्रमित

1.अनिल कुमार मंडलायुक्त

2.बबलू कुमार एसएसपी

3.डॉ. संजय काला प्राचार्य एसएनएमसी

4.चौधरी उदयभान सिंह  राज्यमंत्री

5.डॉ. जीएस धर्मेश राज्यमंत्री

6.योगेंद्र उपाध्याय विधायक दक्षिण

7.पुरुषोत्तम खंडेलवाल विधायक उत्तर

8.महेंद्र अरिदमन सिंह पूर्व मंत्री

9.हेमलता दिवाकर विधायक आगरा ग्रामीण

टिप्पणियाँ