दोस्तों के साथ मिलकर किया दुष्कर्म

डॉ0 एस0 चंद्रा


      

गोरखपुर : 15 वर्षीय किशोरी को बहला फुसला कर भगा ले जाने और फिर बंधक बनाकर दुष्कर्म के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। पीड़िता के बयान पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, पॉक्सो व अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है।

शुक्रवार को पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। किशोरी का मेडिकल कराने के साथ ही मजिस्ट्रेट के समक्ष कलमबंद बयान कराया जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक, 18 नवंबर को किशोरी के पिता ने बहला फुसला कर भगाने की तहरीर थाने में दी थी। इसी आधार पर पुलिस ने सनी देवल, जैस कुमार, विशाल और सनी के खिलाफ बहला फुसला कर भगाने का केस दर्ज कर किया था। पुलिस तलाश में थी, इसी बीच लड़की घर पहुंच गई।

लड़की ने पुलिस को बताया कि 15 नवंबर की रात सनी देवल उसे बहला कर ले गया और जाते समय रोड पर तीन और लड़के मिले थे। उन्होंने एक जगह बताई, जहां सनी उसे लेकर चला गया। बगीचे में बने कमरे में उसे दो दिन तक रखकर दुष्कर्म किया। बकौल पुलिस, किशोरी ने सिर्फ सनी देवल पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है।

सीओ कैंट सुमित शुक्ला ने कहा कि बहला फुसला कर भगाने का मामला सामने आने पर पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी थी। अब पीड़िता ने एक युवक द्वारा दुष्कर्म करने और पुरानी दोस्ती होने की बात कही है। नाबालिग होने की वजह से दुष्कर्म और पॉक्सो की धारा बढ़ाकर आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।

टिप्पणियाँ