कार में बाइक टकराने पर युवक को मारी गोली, पिता हिरासत में

      गोरखपुर : रामगढ़ताल क्षेत्र के गायघाट में शनिवार की रात कार सवार मनबढ़ों ने गाड़ी में टक्कर होने पर बाइक सवार युवक को गोली मार दी। बाएं हाथ में गोली लगने से घायल युवक ने अस्पताल पहुंचने पर परिवार व पुलिस को सूचना दी। थानेदार का कहना है छीनाझपटी में युवक को अपनी पिस्टल से गोली लगी है। मामले की छानबीन चल रही है।
बेतियाहाता दक्षिणी का रहने वाला 27 वर्षीय विजय कुमार शनिवार की रात में गायघाट में रहने वाले दोस्त से मिलने गया था। रात में 12 बजे के करीब बाइक से घर लौट रहा था। आरोप है कि गायघाट गांव के बाहर कार सवार युवकों ने बाइक में जानबूझकर टक्कर मार दी। प्रतिकार करने पर गोली मारकर फरार हो गए।घटना की जानकारी घरवालों को देने के बाद पीड़ित इलाज कराने प्राइवेट अस्पताल चला गया जहां से उसे मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही सीओ कैंट सुमित शुक्ल, एसओ रामगढ़ताल अनिल सिंह मेडिकल कॉलेज पहुंच गए। पूछताछ में विजय ने पुलिस को बताया कि पड़ोस में रहने वाले परिवार के लोगों ने गोली मारी है। पुलिस दबिश देने पहुंची तो आरोपित घर पर सोते मिले। छानबीन में पता चला कि विजय के परिवार से उनकी पुरानी दुश्मनी है। गलत लोगों को फसाने के आरोप में रामगढ़ताल पुलिस ने विजय के पिता रामरूप को हिरासत में लिया है। पीड़ित का कहना है कि पुलिस उसके परिवार को प्रताड़ित कर रही है।


टिप्पणियाँ