सोमालिया में बंधक 11 भारतीय पहुंचे दिल्ली, एयरपोर्ट पर चूमी धरती

  डॉ0 एस0 चंद्रा


     गोरखपुर : सोमालिया में बंधक बनाए गए 33 कामगारों में से 11 बुधवार की सुबह नई दिल्ली एयरपोर्ट पहुंच गए। एयरपोर्ट पहुंचने पर सभी ने एक साथ धरती को चूमा और एक साथ ‘भारत माता की जय’ का जयकारा लगाया। वतन वापसी करने वालों में से 6 गोरखपुर मंडल के रहने वाले हैं। सभी ट्रेन या बस से अपने घरों को लौट रहे हैं। गुरुवार को सभी कामगार अपने परिवार के बीच होंगे।

वतन वापसी करने वाले गोरखपुर के दो, कुशीनगर के तीन और देवरिया के एक कामगार के परिवार में जश्न का माहौल है। बंधक बनाए गए 11 भारतीयों की की फ्लाइट मोगाडिशु से नैरोबी केन्या पहुंची। नैरोबी से शारजाह और फिर नई दिल्ली एयरपोर्ट पर सभी बुधवार की सुबह करीब 2.30 बजे पहुंचे। एयरपोर्ट पर पहुंचने पर सभी ने धरती को चूम कर भारत माता को नमन किया। सभी के लिए ये भावुक क्षण था। वतन वापसी करने वाले 11 भारतीयों में से 6 गोरखपुर मंडल के रहने वाले हैं। सभी ट्रेन या बस से अपने घरों के लिए रवाना हो गए हैं। गोरखपुर के चौरीचौरा के धनेष प्रजापति और पिपरौली के वंशू चौहान के परिवार में खुशी का माहौल है।

इसी तरह कुशीनगर के सिहुलिया निवासी नीरज कुमार, नकटहा, बसडीला के सुभाष प्रजापति और धन्नी पट्टी के ललित मोहन लौट रहे हैं। ललित नई दिल्ली से हमसफर ट्रेन से गोरखपुर पहुंच रहा है। वह गुरुवार की सुबह गोरखपुर रेलवे स्टेशन पहुंचेगा। देवरिया के हथियागढ़ निवासी रामू सिंह की भी वतन वापसी हो रही है। इसी क्रम में गोंडा के रहने वाले हैदरअली और अब्दुल गनी भी लौट रहे हैं। बिहार के गोपालगंज के उपेंद्र सिंह, राजेश कुमार और पटियाला के सतपाल की वतन वापसी हो रही है। बता दें कि सोमालिया में बंधक बनाए गए 33 भारतीयों में 7 गोरखपुर, 10 कुशीनगर, 3 देवरिया तथा महराजगंज का एक युवक है। सिद्धार्थनगर और संतकबीर नगर के एक-एक तथा गोंडा के दो युवक हैं। वहां फंसे युवकों में बिहार के 6, पंजाब और हिमाचल के एक-एक युवक हैं।

टिप्पणियाँ