मुर्गे के लेग पीस के लिए भिड़े घराती-बाराती, कई घायल

डॉ0 एस0 चंद्रा

          कुशीनगर : पटहेरवा थाना क्षेत्र के एक गांव में आई बारात में खाने के दौरान बाराती व घराती मुर्गे के लेग पीस को लेकर आपस में भिड़ गए। मामला कहासुनी के बाद जब मारपीट में तब्दील हुआ तो दोनों पक्षों से कई लोग घायल हो गए। तभी किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लेते हुए शांति भंग में कार्रवाई कर जेल भेज दिया। थाना क्षेत्र के एक गांव में तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के एक गांव से बारात आयी थी। द्वार पूजा के बाद घरातियों ने बारातियों को नाश्ता-पानी कराया। भोजन में मांसाहारी व्यवस्था की गई थी। जब घरातियों ने भोजन के लिए बारातियों को आमंत्रित किया तो एक बाराती ने मुर्गे के लेग की पीस मांग कर दी। इस दौरान खाना परोसने वाले ने लेग पीस खत्म होने का हवाला दिया। तभी बारात में आए युवक ने तंज कंसना शुरू कर दिया। जब घराती पक्ष के लोगों ने उसे समझाने का प्रयास किया तो वह खाना छोड़कर टेबल से उठ गया। यह देख साथ में आए अन्य बाराती भी खाना छोड़कर उठ गए। इसी बात को लेकर घराती और बारातियों के बीच बहस छिड़ गई। मामला इतना बिगड़ गया कि बहस मारपीट में तब्दील हो गई। बीच-बचाव करने आए लोग भी धक्का-मुक्की के शिकार होने लगे। मारपीट के दौरान एक महिला समेत कई लोग घायल हो गए। तभी किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाते हुए चार लोगों को हिरासत में ले लिया। घायल हुए लोगों को अस्पताल भिजवाते हुए पुलिस ने हिरासत में लिए गए चारों को शांति भंग में चालान कर दिया। गुरुवार की सुबह इलाके के चौक-चौराहों पर इस घटना की चर्चा पूरे दिन होती रही।

टिप्पणियाँ