दो सिपाहियों की पिटाई के बाद पुलिस ने खोया आपा

 डॉ0 एस0 चंद्रा


     देवरिया : बीती रात रात कार सवार दो पुलिसकर्मियों को कुछ मनबढ़ों ने लाठी-डंडे से बेरहमी से पीट दिया। आरोप है कि इसके बाद आधी रात को चार थानों की पुलिस ने नेतवार गांव में जमकर तांडव मचाया। कई घरों के दरवाजे तोड़कर पुलिस ने 26 लोगों को हिरासत में लिया है। घायल कांस्टेबल की तहरीर पर सात नामजद 15/20 अज्ञात के खिलाफ सेवन सीएलए एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार देवरिया के मदनपुर थाने में तैनात हेडकांस्टेबल शिवशंकर यादव और कांस्टेबल संजय यादव शनिवार की रात एक प्राइवेट कार से सादी वर्दी में बरांव-पकड़ी-देवरिया मार्ग होते हुए कहीं सम्मन तामिला कराने जा रहे थे। नेतवार गांव के पास रामनाथ गुप्ता के मकान के सामने चार-पांच लोग बैठ कर शराब पी रहे थे। पुलिसकर्मियों ने अपनी कार रोक कर उन्हें टोका तो वे नोकझोंक करने लगे। कुछ ही देर में विवाद बढ़ गया और अराजक तत्वों ने पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। 

इस घटना में हेड कांस्टेबल शिवशंकर यादव और कांस्टेबल संजय यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस कर्मियों की सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष प्रभदयाल सिंह ने दोनों को अस्पताल भिजवाया। प्राथमिक उपचार के बाद शिवशंकर यादव को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। घटना के बाद रात करीब 12 बजे मदनपुर के अलावा रुद्रपुर, एकौना और गौरीबाजार थाने की पुलिस नेतवार गांव में पहुंची और चारों तरफ से घेराबंदी करते हुए सख्त कार्रवाई शुरू कर दी।

इस दौरान पुलिस कर्मियों ने कई बंद घरों के दरवाजे और खिड़कियों को तोड़ दिया। यही नहीं कुछ बाइक और कुर्सियां भी तोड़ दीं।गांव में पुलिस का यह तांडव रात भर चलता रहा। इस दौरान कुल 26 लोगों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। मामले में पुलिस ने कांस्टेबल संजय यादव की तहरीर पर 7 नामजद व 15/20 अज्ञात के खिलाफ सेवन सीएलए एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है। इस संबंध में पूछने पर एसपी डॉ.श्रीपति मिश्र ने कहा कि गांव में एएसपी को भेजा गया है। वह इस मामले की जांच कर रहे हैं। दोषियों के खिलाफ सख्‍त कार्यवाही की जाएगी।

टिप्पणियाँ