पति और उसके दोस्‍तों पर गैंगरेप का इल्‍जाम लगाने वाली महिला ने वापस ली तहरीर

  डॉ0 एस0 चंद्रा

           गोरखपुर : पति और उसके दोस्तों पर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली महिला ने बच्चा मिलने के बाद पति से गुरुवार को सुलह कर लिया। वह तहरीर वापस लेकर अपने बच्चे के साथ मायके चली गई। उधर, पुलिस ने भी जांच के बाद सामूहिक दुष्कर्म के आरोप को गलत बताया।

इलाके एक गांव की महिला ने एक वर्ष पूर्व इलाके के एक युवक से कोर्ट में प्रेम विवाह किया था। दोनों का एक बच्चा भी है। महिला ने बुधवार को पुलिस को तहरीर देकर पति व उसके दोस्तों पर सोमवार की रात को सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाया था। साथ ही बच्चे को छीन लेने दुष्कर्म का वीडियो भी बनाने का आरोप था। महिला का कहना था कि पति उससे देह व्यापार कराना चाहता है। घटना के बाद किसी तरह वह अपने एक रिश्तेदार के यहां भाग कर चली गई। तहरीर के आधार पर पुलिस ने पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। महिला के परिजनों व पति के परिजनों को थाने बुलाया गया। सबसे जानकारी ली गई। जिसके बाद पुलिस इस नतीजे पर पहुंची की आरोप गलत है।

हालांकि हल्का इंचार्ज अश्वनी चौबे ने बुधवार को ही कहा था कि सामूहिक दुष्कर्म का आरोप गलत है। केवल बच्चा छीनने व मारपीट की बात सही है। गुरुवार को काफी मशक्कत के बाद दोनों पक्ष थाने पर सुलह को राजी हो गए और बच्चा महिला को मिल गया। खोराबार इंस्पेक्टर नाशिर हुसैन ने कहा कि महिला द्वारा लगाए गए सामूहिक दुष्कर्म का आरोप गलत निकला। मामला पति पत्नी के बीच मारपीट का था। महिला बढ़ा चढ़ाकर तहरीर दी थी। दोनों पक्ष आपस में सुलह कर घर चले गए।

टिप्पणियाँ