छह मंजिला अपार्टमेंट की छत से गिरकर सिविल इंजीनियर की मौत, हादसा, हत्‍या या आत्‍महत्‍या में उलझी पुलिस

डॉ0 एस0 चंद्रा


        

    गोरखपुर : झुंगिया बाजार स्थित अपार्टमेन्ट में रह रहे सिविल इंजीनियर सूरज कुमार की बुधवार को संदिग्ध परिस्थितियों में अपार्टमेन्ट की छठी मंजिल से गिर कर मौत हो गई। सूरज कुमार नव निर्मित खाद कारखाना एचयूआरयल में सिविल इंजिनियर के पद पर कार्यरत थे। अपार्टमेंट के सिक्योरिटी गार्ड की सूचना पर लोगों ने उन्हें इलाज के लिए मेडिकल कालेज पहुंचाया। जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची चिलुआताल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिये भेज दिया। बताया जा रहा है कि जब सूरज नीचे गिरे तब वह किसी से फोन से बात कर रहे थे। फिलहाल यह घटना हादसा है, खुदकुशी या फिर कुछ और पुलिस इसकी जांच कर रही है।

झारखंड प्रदेश के जिला गिरीडिह,धनवार थाना क्षेत्र स्थित राजधरवार गांव निवासी नारायण का बेटा 22 वर्षीय सूरज कुमार गोरखपुर फर्टिलाइजर कारखाना में सिविल इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे। झुगिया बाजार के पास मेडिकल कालेज के सामने बने इम्पीरियल क्रिस्ट अपार्टमेंट में प्रथम तल पर किराये पर अपने दो अन्य साथियों सिद्धार्थ सिंह और गुरुदीप सिंह के साथ रहते थे। सुबह 7.30 बजे अपार्टमेंट के गार्ड विनोद पासवान को सूरज के नीचे गिरने की जानकारी हुई।

गार्ड ने शोर मचाकर अन्य लोगों को सूचना दी। सूरज को मेडिकल कालेज ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने मृतक घोषित कर दिया। अपार्टमेंट में रहने वाले महेन्द्र पाण्डेय ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेज दिया। पुलिस ने अपार्टमेंट की सीसीटीवी फुटेज को चेक किया तो उसमें सूरज गिरते हुए दिख रहे थे। फिलहाल गिरने की वजह अभी पता नहीं चल पाई है। यह नहीं पता चला पाया है कि सूरज कैसे गिरे?

उन्हें किसी ने धक्का दे दिया या फिर किसी बात को लेकर उन्होंने खुदकुशी कर ली या फिर फोन से बात करते हुए वह दुर्घटना का शिकार हो गए। सूरज के रूम पार्टनर से पुलिस ने बात की तो दोनों ने बताया कि जब यह घटना हुई वे दोनों अपने रूम में सो रहे थे। सूरज कब छत पर गए और यह घटना हो गई उन्हें पता ही नहीं है। गार्ड से उन्हें पता चला। पुलिस ने सूरज के घरवालों को घटना की सूचना दी है। घर के लोग झारखंड से गोरखपुर के लिए रवाना हो गए हैं।

टिप्पणियाँ