युवक की बेरहमी से हत्या,प्राइवेट पार्ट को भी अलग किया

   डॉ0 एस0 चंद्रा

कुशीनगर : नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के ढोलहा चौराहे से दक्षिण गंडक नहर में मंगलवार को दोपहर हत्या कर बोरे में भरकर फेंकी गई युवक की लाश मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गयी। नहर से सौ मीटर दूर एक खेत में खून बिखरा पड़ा था। आशंका जतायी जा रही है इसी खेत में युवक की हत्या की गयी है। युवक के शरीर पर धारदार हथियार से कई जगह निर्दयता पूर्वक गोदा गया था बल्कि गुप्तांग भी काटा गया था। शव की शिनाख्त थाना क्षेत्र के हरपुर लालडीह के रहने वाले युवक के रूप में हुई है। 

सोमवार की शाम हरपुर लालडीह निवासी मार्कण्डेय साहनी पुत्र कृपाल साहनी 22 वर्ष गांव के ही एक लड़के के साथ ढोलहा चौराहे पर गया था। चौराहे पर पहुंचने के बाद वह शौच के लिए जाने की बात कहकर साथ में रहे लड़के को चौराहे पर ही रुकने को कह गया। एक घंटे इंतजार के बाद मार्कण्डेय का साथी चौराहे से वापस घर चला गया। देर शाम तक मार्कण्डेय घर नहीं पहुंचा तो परिजन उसे ढूंढने लगे मगर कहीं पता नहीं चला। मंगलवार को दोपहर में खेतों के तरफ गए लोगों ने एक खेत में पसरा पड़ा खून देखा तो उन्होंने शोर मचाया। शोर सुनकर आस पास के काफी लोग इकट्ठा हो गये। इस दौरान किसी की नजर नहर में बोरे में भरकर फेंके गये शव पर पड़ गयी। शव की पहचान हरपुर लालडीह निवासी मार्कण्डेय साहनी के रूप में हुई। 

मृतक के गले और पीठ पर धारदार हथियार से गोदे जाने का निशान था। उसका दाहिना बाह भी कट कर शरीर से अलग हो गया था। नीचे के तरफ शरीर पर कोई कपड़े नहीं थे उसका गुप्तांग भी कटा हुआ था। मौके पर पहुंची नेबुआ नौरंगिया पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया । इस संबंध में एसओ पवन कुमार सिंह ने कहा कि इस मामले में अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन की जा रही है

टिप्पणियाँ