कोहरे की चादर में लिपटा शहर, अभी और बढ़ेगी गलन

डॉ0 एस0 चंद्रा

 
 गोरखपुर : जिले में सर्दी का सितम खत्म होता नजर नहीं आ रहा है। हवा में नमी बढ़ गई है। इसके कारण गलन बढ़ रही है। हालांकि बीते 24 घंटे में दिन में तापमान नीचे और रात का उपर चढ़ा। कोहरे का कहर लगातार बना हुआ है। गुरुवार तड़के से ही घना कोहरा शहर पर छा गया। सुबह 8 बजे तक विजिबिलिटी शून्य रही।

सड़कों पर गाड़ी रेंगते हुए चल रही थी। अधिकांश वाहनों के हेड लाइट ऑन रहे। चंद कदम दूर भी नहीं दिख रहा था। सुबह नौ बजे के बाद से कोहरा धीरे-धीरे छंटने लगा। लगातार आठवें दिन पछुआ चली। इसके कारण हवा में नमी बढ़ गई। मंगलवार को अधिकतम आद्रता 96 फीसदी थी। जबकि बुधवार को यह 98 फीसदी हो गई। मंगलवार को न्यूनतम आद्रता 76 फीसदी थी जो कि बुधवार को 86 फीसदी हो गई। बीते 24 घंटे में तापमान में मामूली परिवर्तन रहा। दिन का तापमान करीब 1.4 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया।

मंगलवार को दिन में अधिकतम तापमान 20.2 डिग्री सेल्सियस था। बुधवार को यह 18.8 डिग्री सेल्सियस हो गया। घने कोहरे और आसमान में हल्के बादलों के कारण गर्म हवाएं ऊपरी वातावरण में नहीं जा सकी। इसकी वजह से रात का तापमान सामान्य से अधिक हो गया। बीते 24 घंटे में रात का तापमान करीब 1.5 डिग्री सेल्सियस ऊपर चला गया। बुधवार को रात का तापमान 11.1 डिग्री सेल्सियस रहा। इस दौरान सात किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दक्षिण पश्चिम हवाएं चली।

मौसम विशेषज्ञ केसी पांडेय ने बताया कि जम्मू कश्मीर में अगले 48 घंटे में एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। यह तिब्बत की तरफ शिफ्ट करेगा। इसके कारण उत्तर भारत के कुछ क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। जिससे पूर्वी यूपी में तापमान नीचे चला जाएगा।

टिप्पणियाँ