ऋषि बने नगर निगम के उपसभापति, दोनों निर्दलियों का भी मिला साथ

डॉ0 एस0 चंद्रा

        गोरखपुर : भाजपा पार्षद दल के उपनेता और जनप्रिय विहार के पार्षद ऋषि मोहन वर्मा गोरखपुर नगर निगम के उपसभापति चुने गए हैं। 12 सदस्यीय कार्यकारिणी में दो निर्दल पार्षदों समेत आठ पार्षदों ने ऋषि मोहन के पक्ष में हाथ उठाया। सपा की तरफ से उपसभापति प्रत्याशी शकुन मिश्रा को चार वोट मिले। चुनाव के बीच नगर निगम के सदन हाल के बाहर सपा की महिला पदाधिकारियों ने प्रदर्शन कर शकुन मिश्रा के पक्ष में नारेबाजी की।

शनिवार दोपहर दो बजे उपसभापति चुनाव की प्रक्रिया शुरू हुई। महापौर सीताराम जायसवाल की अनुमति से नगर आयुक्त अंजनी कुमार सिंह ने कार्यवाही शुरू की। सपा के कार्यकारिणी सदस्य जियाउल इस्लाम ने मतदान की मांग की। इस पर महापौर ने कहा कि जब दो प्रत्याशी मैदान में हैं तो हाथ उठाकर मतदान कराया जाएगा। इसके बाद आठ सदस्यों ने ऋषि मोहन वर्मा और 4 सदस्यों का समर्थन सपा की शकुन मिश्रा को घोषित किया गया। महापौर ने ऋषि मोहन वर्मा को निर्वाचित घोषित किया। इसके बाद सभी सदस्यों ने ऋषि मोहन को बधाई दी। बता दें कि 19 जनवरी को कार्यकारिणी के छह पदों के लिए चुनाव में सपा ने तीन प्रत्याशियों को मैदान में उतारा था। हालांकि भाजपा ने सिर्फ तीन प्रत्याशी उतारे थे। बाद में सपा ने अपने एक प्रत्याशी अभिमन्यु मौर्य का नाम वापस ले लिया था। इसके बाद सभी छह प्रत्याशियों का निर्विरोध निर्वाचन हो गया।

ऋषि मोहन को आठ सदस्यों का समर्थन 

उपसभापति चुने गए जनप्रिय विहार वार्ड के ऋषि मोहन वर्मा को भाजपा से लोहियानगर के राजेंद्र तिवारी, महुई सुघरपुर के चंद्रप्रकाश सिंह उर्फ गोली सिंह, शक्ति नगर के आलोक सिंह विशेन, पुर्दिलपुर के मनु जायसवाल और तिवारीपुर के पार्षद अभिषेक निषाद का समर्थन मिला। वहीं निर्दल शिवपुर सहबाजगंज वार्ड के मो. अफरोज और अलहदादपुर से पार्षद आनंद वर्धन ने भी भाजपा को समर्थन दिया। वहीं सपा की शकुन मिश्रा को मुफ्तीपुर वार्ड के जियाउल इस्लाम, अंधियारी बाग के रमेश यादव, कल्याणपुर के मतीनउद्दीन का समर्थन मिला।

सपा प्रत्याशी के पक्ष में नारेबाजी

   उपसभापति चुनाव के बीच में सपा प्रत्याशी शकुन मिश्रा के पक्ष में पूर्व पार्षद राजकुमारी देवी के नेतृत्व में सपा की महिला विंग ने नारेबाजी की। महिलाएं हाथ में तख्ती लेकर पहुंची थीं। तख्ती पर ‘महिलाओं का सम्मान करो, श्रीमती शकुन मिश्रा के पक्ष में मतदान करो’ लिखा था।

दो साल उपसभापति रहेंगे ऋषि

इस बोर्ड में ऋषि मोहन वर्मा पहले सदस्य होंगे जो दो साल तक उपसभापति के पद पर रहेंगे। इसके पहले उपसभापति चुने गए जितेन्द्र सैनी, बृजेश सिंह छोटू और अजय राय का कार्यकाल एक-एक वर्ष का ही रहा था। ऋषि मोहन इकलौते सदस्य हैं जिन्हें दोबारा कार्यकारिणी में एंट्री मिली है। उपसभापति चुने गए ऋषि मोहन वर्मा हिंदू युवा वाहिनी के महानगर संयोजक भी हैं। उनके उपसभापति चुने जाने की जानकारी के बाद हियुवा के कार्यकर्ता नगर निगम पहुंचे और जश्न मनाया। पटाखे छोडऩे के साथ ही जुलूस निकालकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जिंदाबाद के नारे लगाए।

सबके साथ मिलकर करेंगे चतुर्दिक विकास : ऋषि

नगर निगम कार्यकारिणी के उपसभापति निर्वाचित होने के बाद नवनिर्वाचित उपसभापति ऋषि मोहन वर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश शासन की मंशा के अनुरूप नगर निगम में सरकार, जनता, कार्यकर्ता एवं नगर निगम परिवार मिलकर शहर का चतुर्दिक विकास करेंगे। जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हों यही प्रथम प्राथमिकता होगी। श्री वर्मा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, पार्टी के शीर्ष नेतृत्व, महापौर सीताराम जयसवाल एवं समस्त पार्षद गण के प्रति आभार व्यक्त किया है।

टिप्पणियाँ