पत्‍नी का गला रेतकर हत्या का किया प्रयास, खुद भी खाया जहर

डॉ0 एस0 चंद्रा

      कुशीनगर : जिले के खड्डा थाना क्षेत्र के सिसवा गोपाल स्थित मुसहर बस्ती में ससुराल आए महराजगंज जिला निवासी पति ने शुक्रवार को पत्नी की हासिए से गला रेतकर उसे जान से मारने का प्रयास किया और पत्नी के घायल होने के बाद खुद भी जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने पति-पत्नी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तुर्कहा में भर्ती कराया, जहां पति की हालत गंभीर देख डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया जबकि पत्नी का इलाज सीएचसी पर चल रहा है। 

खड्डा थाना क्षेत्र के ग्राम सिसवा गोपाल निवासी राजदेव की पुत्री खुशबू की शादी तीन वर्ष पूर्व महराजगंज जिले के निचलौल थाना क्षेत्र के ग्राम कलनही निवासी दुलारे के पुत्र विक्रम से हुई है। ससुराल जाने के कुछ साल बाद खुशबू ने एक बच्ची को जन्म दिया। पत्नी के अनुसार इसके बाद पति विक्रम उसे काम के लिए बाहर ले जाने का दबाव बनाने लगा तो वह एक सप्ताह पूर्व बच्ची को लेकर मायके सिसवा गोपाल आ गयी। उसके पीछे पति विक्रम भी ससुराल आ गया। शुक्रवार को खुशबू की छोटी बहन व उसकी मौसी की लड़की की शादी शाहजहांपुर निवासी से खड्डा काली मन्दिर से होनी तय थी। परिवार के लोग शादी की सामग्री जुटाने में लगे थे। इसी दौरान विक्रम पत्नी खुशबू पर बाहर जाने का दबाव बनाने लगा। इसको लेकर दोनों पति-पत्नी में कहासुनी होने लगी। इस पर गुस्साए पति ने हसिया से पत्नी का गला रेत दिया, जिससे पत्नी लहुलूहान हो गयी तो परिजन उसे सीएचसी तुर्कहा ले गये। 

परिवारीजन खुशबू को लेकर अभी अस्पताल पहुंचे ही थे कि पति विक्रम पुलिस कार्रवाई की डर से खुद भी जहर खा लिया और उसकी तबीयत बिगड़ गयी। उसे भी तुर्कहा सीएचसी पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर देख डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घायल खुशबू की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। मामले की छानबीन में पुलिस टीम जुटी हुई है। इंस्पेक्टर आरके यादव ने बताया कि तहरीर के आधार आरोपी पति के खिलाफ केस दर्जकर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।

टिप्पणियाँ