पत्नी का कराया एक करोड़ का बीमा, फिर कर दिया कत्ल

डॉ0 एस0 चंद्रा

   मेरठ : नौचंदी थाना क्षेत्र में महिला के कत्ल का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां भाभी से अवैध संबंधों के चलते एक टेंट कारोबारी ने फुल प्लानिंग के तहत जहां पहले अपनी टीचर पत्नी का एक करोड़ का बीमा कराया। वहीं, इस रकम को हड़पने के लिए पत्नी की हत्या कर दी। रविवार की सुबह घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतका के परिजनों ने हंगामा कर दिया। जिसके बाद आरोपी पति को हिरासत में लेकर पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

दरअसल, मामला शहर की पॉश कॉलोनी शास्त्रीनगर सेक्टर दो का है। यहां रहने वाले टेंट कारोबारी संजय लूथरा की शादी लगभग नौ साल पहले खतौली की रहने वाली चंदा अरोड़ा के साथ हुई थी। चंदा खतौली के लौहड्डा स्थित प्राथमिक विद्यालय में सहायक अध्यापिका के पद पर तैनात थी। वर्तमान समय में दंपति का आठ आठ वर्षीय बेटा भी है।

भाई को फोन करके दी मौत की जानकारी

रविवार की अलसुबह लगभग चार बजे संजय ने खतौली में रहने वाले अपनी पत्नी चंदा के भाई मोहित के मोबाइल पर कॉल की। संजय ने बताया कि कोलेस्ट्रॉल बढ़ने से अटैक के कारण चंदा की मौत हो गई है। मामले की जानकारी मिलते ही चंदा के मायके वालों में कोहराम मच गया। सुबह दिन निकलने से पहले ही चंदा के पिता ओम प्रकाश, बहन ज्योति और भाई मोहित चंदा की ससुराल पहुंच गए। जहां बेड पर चंदा की लाश पड़ी थी। मृतका के मायके वालों ने शव को गौर से देखा तो चंदा के शरीर के अंदरूनी हिस्सों पर गंभीर चोटों के निशान थे।

हत्या का आरोप लगा किया हंगामा

लाडली बेटी के शरीर पर चोट के निशान देखते ही परिवार के लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। मृतका के परिवार वालों ने पुलिस के सामने अपनी बेटी की हत्या किए जाने का आरोप लगाया। मोहित ने आरोप लगाया कि उसके जीजा संजय के अपनी भाभी के साथ अवैध संबंध थे। इन्हीं अवैध संबंधों का विरोध करने पर संजय अक्सर उसकी बहन चंदा के साथ मारपीट करता था। ज्योति ने आरोप लगाया कि संजय पिछले काफी समय से उनकी बहन की हत्या की प्लानिंग कर रहा था। जिसके तहत उसने चंदा की एक करोड़ की लाइफ इंश्योरेंस पॉलिसी भी कराई थी।

ज्योति ने आरोप लगाया कि इसी पॉलिसी की रकम को हड़पने और भाभी के साथ अवैध संबंधों में अड़चन बनी चंदा को रास्ते से हटाने के लिए संजय ने उसकी हत्या कर डाली। इंस्पेक्टर नौचंदी प्रेमचंद शर्मा ने बताया फिलहाल चंदा की लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतका के शरीर के अंदरूनी हिस्सों पर चोट के निशान पाए गए हैं। जिसके चलते उसके पति को हिरासत में लिया गया है। मृतका के परिवार वालों ने पति सहित कई ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है। जिसकी जांच की जा रही है। 

टिप्पणियाँ