शरारती तत्वों ने जलाई धार्मिक पुस्तक, पुलिस महकमे में हड़कंप

डॉ0 एस0 चंद्रा

         गोरखपुर : झंगहा थाना क्षेत्र के कोना सोनबरसा गांव में बृहस्पतिवार की रात धर्मस्थल में रखे धार्मिक ग्रंथ को शरारती लोगों ने जला दिया है। इसकी जानकारी शुक्रवार को सुबह 5 होने पर हड़कंप मच गया। 

घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही एसपी नार्थ मनोज कुमार अवस्थी, सीओ चौरीचौरा दिनेश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। एसपी नार्थ ने समुदाय विशेष के लोगों को आश्वासन दिया कि घटना का खुलासा 24 घंटे के अंदर कर दिया जाएगा। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धार्मिंक ग्रंथ क्षति करने, माहौल खराब करने जैसी धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।

जानकारी के मुताबिक, कोना सोनबरसा में धार्मिक स्थल है। शुक्रवार की सुबह लोग पहुंचे तो धार्मिक स्थल का सामान बिखरा पड़ा था। धार्मिक ग्रंथ भी जलाया गया था। इसकी सूचना फैली तो आसपास के लोग जुट गए। तनाव बढ़ गया। किसी ने मामले की सूचना पुलिस को दी। इससे सनसनी फैल गई।

आनन-फानन पुलिस मौके पर पहुंची। साथ ही प्रभावी कार्रवाई का भरोसा दिलाकर आसपास के लोगों को घर भेजा। बाद में मोहम्मद जावेद अंसारी की तहरीर पर तोड़फोड़ एवं धार्मिक ग्रंथ को नुकसान पहुंचाने की धारा में अज्ञात लोगों के विरुद्ध झंगहा थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। एसपी नार्थ ने बरही चौकी प्रभारी को अराजक तत्वों की गिरफ्तारी के लिए दस घंटे का मोहलत दी।

एसपी नार्थ मनोज कुमार अवस्थी ने कहा कि कोना सोनबरसा में शरारती तत्वों ने कुछ कागज को जलाया है। मामले में अज्ञात के खिलाफ़ केस दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही आरोपितों को पकड़ लिया जाएगा।

टिप्पणियाँ