नाले में नहाने गए दो दोस्‍तों की डूबने से मौत, एक को ग्रामीणों ने बचाया

डॉ0 एस0 चंद्रा

         महराजगंज : कोल्हुई थाना क्षेत्र के पवह नाले में मंगलवार को डूबने से दो किशोरों की मौत हो गई। जबकि काफी मशक्कत के बाद एक किशोर को लोगों ने सकुशल बचा लिया। ये तीनों किशोर नाले में नहाने उतरे थे। इस हादसे के बाद कोहराम मच गया है।

मंगलवार को कोल्हुई क्षेत्र के ग्राम मैनहवा टोला जोलहपुरवा निवासी नूरआलम (16), शाहिद रजा (15) व इलाहावास टोला चुरिहारपुर निवासी समीदुल्लाह (17) घर से पवह नाले की ओर नहाने गए। नाले के मछली घाट पर नहाते समय शाहिद रजा गहरे पानी में जाकर डूबने लगा। उसका शोर सुनकर नूरआलम व समीदुल्लाह उसे बचाने पहुंचे, लेकिन पानी की गहराई अधिक होने की वजह से शाहिद को बचाने गये दोनों किशोर खुद भी डूबने लगे। कुछ दूर पर मौजूद लोगों ने इन डूब रहे किशोरों की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे। कड़ी मशक्कत कर शाहिद रजा को बेहोशी की हालत में बाहर निकाला, लेकिन नूरआलम व समीदुल्लाह का पता नहीं चल पा रहा था।

दो किशोरों के डूब जाने की खबर से मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए। दर्जन भर लोग पानी में उतरकर किशोरों की तलाश में जुट गए। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। करीब दो घंटे की मशक्क्त के बाद दोनों किशोरों को बेहोशी की हालत में बाहर निकाला गया। आनन-फानन में पुलिस समीदुल्लाह व नूरआलम को बृजमनगंज सीएचसी ले गई, लेकिन डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। मौके पर विधायक बजरंग बहादुर सिंह के भाई छट्ठू सिंह ने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए हर संभव मदद का भरोसा दिया।

टिप्पणियाँ