खेत से कटाई कर घर आ रही महिला की चाकू और हंसिये से हत्‍या, बेटी गंभीर

डॉ0 एस0 चंद्रा

         संतकबीरनगर : धर्मसिंहवा थाना क्षेत्र के सिंगहा (भंडा) गांव के सीवान में मंगलवार की शाम सरसो के खेत से कटाई करके लौट रही मां- बेटी पर पड़ोसी गांव के दीना और सुनील कुमार नामक दो युवकों ने चाकू व हंसुआ से ताबड़तोड़ हमला करके मां को मौत के घाट उतार दिया और बेटी को गंभीर रूप से घायल कर फरार हो गए। बेटी को गंभीर हालत में लखनऊ के एक निजी अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। जहां पर उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने दो आरोपितों पर मुकदमा दर्ज किया है। दोनो गिरफ्तार कर लिए गए हैं।

मंगलवार की शाम मुसहरा गांव की निवासी सुरेश गुप्‍ता की पत्‍नी 42 वर्षीय शांति देवी अपनी पुत्री 18 वर्षीय रंजूके साथ सरसो की फसल काटने गई थी। वह खेत से लौट रही थी कि पड़ोसी गांव मुसहरा निवासी झब्‍बर का बेटा दीना और पवन कुमार साहनी का बेटा सुनील कुमार साहनी ने मां- बेटी के ऊपर प्राणघातक हमला करके शांति देवी को मौत के घाट उतार दिया और रंजू बुरी तरह से घायल कर फरार हो गए। देर होने पर शांति के पुत्र दिलीप खेत की तरफ़ खोजने निकला। सीवान के चकरोड के पास मां- बेटी गंभीर हालत में मिली। सूचना के आधार पर ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे। मौके पर ही शांति की मौत हो गई थी तो रंजू की हालत गंभीर देख उसे मेंहदावल सीएचसी में उपचार के लिए भर्ती कराया गया। स्थिति गंभीर देख उसे चिकित्सकों ने गोरखपुर मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर किया। गोरखपुर मेडिकल कॉलेज से उसे लखनऊ मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर किया गया है। वर्तमान में रंजू का उपचार लखनऊ स्थित एक निजी अस्पताल में चल रहा है। युवती की स्थिति गंभीर बनी हुई है।

पुलिस ने मृतका के पुत्र दिलीप की तहरीर पर दीना पुत्र झब्बर निवासी मुसहरा, सुनील कुमार साहनी पुत्र पवन कुमार साहनी निवासी मुसहरा के खिलाफ हत्या व हत्या के प्रयास का मुकदमा पंजीकृत किया है। देर रात तक घटनास्थल पर सीओ रामप्रकाश, धर्मसिंहवा एसओ विनय कुमार पाठक, मेंहदावल एसओ प्रदीप कुमार सिंह मौके पर जांच पड़ताल करते रहे। पुलिस ने पीड़ित के परिवार व ग्रामीणों से भी पूछताछ की है। प्रभारी निरीक्षक धर्मसिंहवा विनय कुमार पाठक ने बताया कि मृतक के पुत्र ने दोनों आरोपितों पर घटना में शामिल होने का शंका जताई है। दोनों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया गया है। दोनों आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना के उद्देश्य के संदर्भ में जांच-पड़ताल की जा रही है। जल्द ही आरोपितों को जेल भेजा जाएगा।

जनवरी में हुई थी छेड़छाड़ की घटना

आरोपित सुनील साहनी ने युवती के साथ बीते जनवरी में छेड़छाड़ की थी। मामला थाने पर पहुंचने से पूर्व ही गांव में ही सुलह समझौता कराकर समाप्त करा दिया गया। आरोपित को जबरन दिल्ली जाने का दबाव बनाया गया तो वह दिल्ली चला गया। इधर युवती की शादी तय जानकर वह दो दिन पूर्व ही दिल्ली से लौटा था। पीड़ित परिवार को शक है कि आरोपित सुनील ने ही हत्या की है। गांव में चर्चा है कि अगर छेड़छाड़ की घटना पुलिस के पास पहुंची होती शायद इतनी बड़ी घटना नहीं हुई होती।

टिप्पणियाँ