पूर्व प्रधान के पति का चाकू से गला रेता, गंभीरावस्था में पीजीआई रेफर

डॉ0 एस0 चंद्रा

      देवरिया : भाटपाररानी थाना क्षेत्र के ग्राम मदन चक के पूर्व प्रधान के पति राजकुमार यादव संदिग्ध हालत में रविवार की सुबह शौचालय के पास लहूलुहान हाल में पड़े मिले। गले पर चाकू का गहरा जख्म होने से वह अचेत थे।

घर की महिलाओं ने शोर मचाया तो भीड़ जुट गई। परिजन उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। हालत नाजुक देख डाक्टर ने पीजीआई लखनऊ के लिए रेफर कर दिया। सीओ ने घटनास्थल की जांच की और उनकी पत्नी देवांती देवी से पूछताछ की। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त चाकू को बरामद कर लिया है।

ग्राम मदनचक के राजकुमार यादव (55) की पत्नी देवांती देवी वर्ष 2005 में ग्राम प्रधान चुनी गई थीं। राजकुमार यादव के पिता स्वर्गीय शारदा यादव पहले ही अपने दो पुत्रों विजय यादव और रामनारायण यादव को अपनी पैतृक संपत्ति बैनामा कर चुके हैं। राजकुमार का अपने भाइयों से विवाद चला आ रहा है।

    सुबह राजकुमार लहूलुहान होकर अपने घर से लगभग 40 मीटर दूर एक भाई के हिस्से में बने शौचालय के बाहर गिरे थे। शौचालय की ओर गई घर की महिलाओं ने राजकुमार को देखकर शोर मचाया।

मौके पर पहुंचे सीओ पंचम लाल ने निर्माणाधीन मकान के गड्ढे से एक चाकू बरामद किया। बाद में राजकुमार की पत्नी देवंती देवी से एकांत में पूछताछ की। सीओ पंचम लाल ने बताया कि अभी कोई तहरीर नहीं आई है। जांच की जा रही है। परिजनों से पूछताछ जारी है।

टिप्पणियाँ