नदी में स्नान करने गए दो युवकों की डूबने से मौत

डॉ0 एस0 चंद्रा

     देवरिया: एकौना थाना क्षेत्र के पांडेय मांझा के समीप गोर्रा नदी में स्नान करने गुरुवार को गए दो युवकों की डूबने से मौत हो गई। तीन घंटे के प्रयास के बाद दोनों युवकों का शव नदी से निकाला जा सका। शव मिलने के बाद पांडेय मांझा गांव में मातम छा गया है।

पांडेय मांझा गांव निवासी 22 वर्षीय आकाश सिंह पुत्र राणा सिंह व 18 वर्षीय ऋषभ पुत्र आद्या सिंह दोपहर को गोर्रा नदी में स्नान करने के लिए गए। स्नान करते समय दोनों गहरे पानी में चले गए और डूब गए। आसपास स्नान कर रहे लोगों ने जब देखा कि बहुत देर बाद वह बाहर नहीं आए तो वह उनकी तलाश में जुट गए। मछुआरे बुलाए गए और पुलिस की मौजूदगी में दोनों की तलाश शुरू हुई। काफी देर बाद दोनों का शव बाहर निकाला जा सका। आकाश रामजी सहाय पीजी कालेज में बीए प्रथम वर्ष के छात्र थे, जबकि ऋषभ डीएन इंटर कालेज में हाईस्कूल के छात्र थे। ऋषभ के पिता दिल्ली में नौकरी करते हैं। थानाध्यक्ष रामबदन चौहान ने कहा कि दोनों शवों को बरामद कर लिया गया है। पलभर में मातम में बदल गई दो परिवारों की खुशी।

पांडेय माझा गांव में होली के त्योहार की तैयारी हो रही थी। लेकिन दो परिवारों की खुशियां पलभर में मातम में बदल गई। एक साथ रहने वाले दोस्त दुनिया को छोड़कर चले गए। दो युवकों की मौत से गांव में मातम का माहौल है। गुरुवार को गांव में घरों के चूल्हे नहीं जले। लोग दोनों युवकों के व्यवहार की चर्चा कर रहे हैं। गांव के एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि पहले ऋषभ डूब रहा था उसको बचाने के प्रयास में विकास भी गहरे पानी में चला गया। आकाश, ऋषभ साथ ही रुद्रपुर एक साथ पढ़ने आते थे। ऋषभ के पिता इस समय दिल्ली में हैं। पुत्र की मौत की खबर सुनकर बेहोश हो गए। वह घर के लिए चल दिए है।

परिवार के सदस्य होली मनाने की तैयारी में जुटे थे। मां-बाप के बेटे के संजोए अरमानों पर पानी फेर दिया। दोनों का घर महज पचास मीटर दूरी है। आकाश की माता रीता सिंह, छोटा भाई प्रेम सिंह और बहन निशू का रो-रोकर बुरा हाल है। आकाश के पिता किसान हैं। ऋषभ सिंह की मां रिकू देवी, भाई रितिक सिंह और बहन अंजली सिंह हैं पुत्र के वियोग में माताओं की चीत्कार देख सभी लोग नियति को कोस रहे थे।

टिप्पणियाँ