पूर्व मंत्री पप्‍पू भईया का हाथी फिर बिदका

डॉ0 एस0 चंद्रा

        गोरखपुर : पूर्व मंत्री जितेन्‍द्र जायसवाल उर्फ पप्‍पू भईया का हाथी एक बार फिर बिदक गया। गनीमत रही कि हाथी पूर्व मंत्री के फार्म हाउस के बाहर नहीं आ सका। उसके चारों पैरों में लोहे की जंजीरें थीं जिनकी मदद से उसे काबू में कर लिया गया। पूर्व मंत्री के हाथी बिदकने से पहले भी दो बार हादसे हो चुके हैं। इन हादसों में दो महावतों की जान जा चुकी है। 

       मिली जानकारी के अनुसार शनिवार की शाम चार बजे पूर्व मंत्री के पादरी बाजार स्थित फार्म हाउस पर एक हाथी अचानक बिदक गया। बिदके हाथी को देखने के लिए पिपराइच रोड पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। गनीमत रही कि वह फार्म हाउस से बाहर नहीं आ सका। राहगीरों ने बताया कि दिन में 4 बजे के आसपास बिदका हाथी फार्म हाउस के मुख्य गेट तक आ गया। हाथी जोर-जोर से गेट को हिला रहा था। संयोग ठीक था कि हाथी के चारों पैरो में लोहे की जंजीरें थीं जिनकी मदद से उसे काबू में किया गया। इस बारे में पूर्व मंत्री का कहना है कि हाथी गर्म हो गया है। उसे काबू में कर लिया गया है। अब कोई दिक्कत नहीं है। उसने किसी को कोई क्षति नहीं पहुंचाई है।

टिप्पणियाँ