व्यापारी को बदमाशों ने गोलियों से भूना

डॉ0 एस0 चंद्रा

         गोरखपुर : गगहा इलाके में बुधवार की रात करीब आठ बजे बाइक सवार बदमाशों ने इलेक्ट्रानिक व्यापारी 30 वर्षीय शंभू मौर्या की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के वक्त वह दुकान बंद कर रहे थे उसी दौरान बदमाशों ने उन्हें गोलियों से भून दिया। आनन-फानन में व्यापारी को अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इस महीने गोली मारकर यह दूसरी हत्या है। इससे पहले बदमाशों ने पूर्व बसपा नेता व जिला पंचायत प्रत्याशी रितेश मौर्या को गोलियों से भूना था। घटना से गुस्साए व्यापारियों ने गगहा चौराहे पर गोरखपुर-वाराणसी हाईवे जाम कर दिया।

गगहा थाना क्षेत्र के कोठा गांव निवासी शंभू मौर्या की गगहा-जानीपुर मोड़ पर गीतांजलि‍ इलेक्ट्रनिक की दुकान है। दुकान के ऊपर ही उन्होंने अपना मकान भी बनवाया है। हालांकि अभी वहां कोई रहता नहीं है। शंभू गांव से ही रोजाना आते जाते हैं। बुधवार की रात में करीब आठ बजे वह दुकान बंद कर रहे थे उसी दौरान बाइक सवार दो बदमाश आए और उन्हें शंभू के ऊपर गोलियों की बौछार कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बदमाशों ने छह राउंड गोलियां चलाई हैं। करीब चार गोली शंभू के लगने की बात कही जा रही है। गोली मारने के बाद बदमाश फरार हो गए।

स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची गगहा पुलिस ने उन्हें अस्पताल भेजवाया जहां उनकी मौत हो गई। हत्या की खबर मिलते ही इलाके के व्यापारी आक्रोशित हो गए। व्यापारियों ने करीब 8.30 बजे गगहा चौराहे पर हाईवे जाम कर दिया। करीब घंटे भर जाम रहा बाद में अधिकारियों ने व्यापारियों को समझा कर जाम समाप्त कराया। उधर, हत्या की सूचना के बाद मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने जांच शुरू कर दी। आस-पास के दुकानों की सीसी टीवी फुटेज से हत्यारोपियों की तलाश की जा रही है।

टिप्पणियाँ