खेलते-खेलते गड्ढे में डूबकर दो सगे भाइयों की मौत,मचा कोहराम

 डॉ0 एस0 चंद्रा

   महराजगंज : कोल्हुई क्षेत्र के सोनचिरैया गांव में सोमवार को एक बड़ा हादसा हो गया। घर के सामने पानी भरे गड्ढे में दो सगे मासूम भाइयों की डूबने से मौत हो गई। इस हादसे से गांव में कोहराम मच गया। परिजनों ने दोनों मासूम बच्चों का शव निकाल अंतिम संस्कार कर दिया। मृतक दोनों बच्चों में एक की उम्र छह वर्ष व दूसरे की उम्र तीन वर्ष बताई जा रही है।

लोगों के अनुसार गांव निवासी सोनू राय के दोनों बच्चे सोमवार को घर के दरवाजे पर खेल रहे थे। खेलते-खेलते दोनों दरवाजे के सामने गड्ढे की तरफ चले गए। काफी देर तक दोनों वापस नहीं आए। इसके बाद दोनों बच्चों को नहलाने के लिए उनकी मां ढूंढने लगी। दरवाजे पर दोनों नहीं मिले, तो महिला अपने दोनों बच्चों को पुकारने लगी। इसके बाद परिजन अगल-बगल ढूंढने लगे। पर, दोनों का कहीं पता नहीं चला। अंत में परिजन दरवाजे के सामने गड्ढे की तरफ ढूंढने गए। वहां का नजारा देख परिजनों के पैर तले जमीन खिसक गई। दोनों मासूम बच्चे पानी भरे गड्ढे में मृत अवस्था में मिले। घटना की जानकारी मिलते ही पूरा गांव उमड़ पड़ा। मातम छा गया। परिजन व ग्रामीण आपस में विचार-विमर्श के बाद दोनों बच्चों के शव को गड्ढे से बाहर निकाले। अंतिम संस्कार कर दिया।

टिप्पणियाँ