बच्चा पैदा न होने पर सोखा के पास गए थे पति-पत्नी, नशीली दवा खिलाकर महिला के साथ किया दुष्कर्म

डॉ0 एस0 चंद्रा

      गोरखपुर : पिपराइच थाना क्षेत्र के अतरौलिया गांव के एक सोखा पर महिला व उसके पति को नशीली दवा खिलाकर महिला के साथ दुष्कर्म करने का आरोप है। महिला का इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। आरोपी सोखा को महिला के परिजनों ने मेडिकल कॉलेज चौकी पुलिस को सौंप दिया। बाद में पिपराइच पुलिस सोखा और उसकी पत्नी को थाने ले गई।

जानकारी के मुताबिक, महिला की शादी पिपराइच थाना क्षेत्र के एक गांव में लगभग चार वर्ष पहले हुई थी। महिला के देवर का कहना है कि शादी के चार वर्ष बाद भी बच्चा पैदा नहीं होने से पति-पत्नी परेशान थे। इसी दौरान अतरौलिया गांव के सोखा राजू यादव से संपर्क हो गया।

बृहस्पतिवार की शाम महिला अपने पति के साथ सोखा के घर पहुंची थी। आरोप है कि सोखा ने भभूत में नशीली दवा मिलाकर पति-पत्नी को खिला दिया। दोनों के अचेत हो जाने पर सोखा ने महिला के साथ गंदा काम किया।

इधर, दंपती के परिजन देर रात होने पर फोन मिलाने लगे, तो संपर्क नहीं हो सका। शुक्रवार सुबह परिजन सोखा के घर पहुंचे तो पति अचेत अवस्था में था। जबकि महिला को उल्टियां हो रही थी। सोखा ने पहले कहा कि घबराने की बात नहीं है। दैवीय प्रकोप है अभी ठीक हो जाएगा।

हालत बिगड़ने पर परिवार के लोग महिला को लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे। वहीं महिला के रिश्तेदारों के कड़ाई से पूछताछ करने पर सोखा ने नशीली दवा खिलाने की बात स्वीकार की। इसके बाद परिजनों ने सोखा को मेडिकल कॉलेज चौकी पुलिस को सौंप दिया।

टिप्पणियाँ