सामूहिक दुष्कर्म पीड़िता ने नहीं की थी आत्महत्या, पति ने उतारा था मौत के घाट

  डॉ0 एस0 चंद्रा

     गोरखपुर : सामूहिक दुष्कर्म पीड़िता ने आत्महत्या नहीं की थी, उसके पति ने शुक्रवार को गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी थी और आरोपियों की प्रताड़ना के चलते आत्महत्या की बात प्रचारित कर दी। पति की इस साजिश का ताना-बाना पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आते ही खुल गया। पुलिस ने पति को पत्नी की हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।

पति ने शुक्रवार को बांसगांव पुलिस को अपनी पत्नी की आत्महत्या की सूचना दी। आरोप लगाया कि सामूहिक दुष्कर्म के आरोपियों की प्रताड़ना से तंग आकर पत्नी ने आत्महत्या कर ली है। 19 जून 2021 को महिला के पति ने इलाके के ही तीन युवकों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया था। इस मामले में एक आरोपी जेल में है। 

आत्महत्या का मामला होने के चलते पुलिस ने पीड़िता के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही फारेंसिक टीम की मदद से जांच शुरू की। शनिवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट आई तो पता चला कि महिला की मौत दम घुटने से हुई है। उसकी गला दबाकर हत्या की गई है।

अपने ही बुने जाल में फंस गया

मृतका की मां ने तहरी दी और आरोप लगाया कि ससुराल में बेटी को प्रताड़ित किया जा रहा था। उसकी हत्या की गई है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज करके आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया। 

पत्नी की आत्महत्या की कहानी गढ़ने वाला आरोपी अपने ही बुने जाल में उलझता चला गया। पति ने पत्नी की आत्महत्या का जो सुसाइड नोट पुलिस को दिया था उसका कागज बहुत पुराना था। लिखावट भी पुरानी थी। शक के आधार पर ही पुलिस ने मृतका की बहन से लिखावट की पहचान कराई तो पोल खुल गई। मृतका की बहन ने साफ कहा कि यह उसकी बहन का लिखा हुआ नहीं है।

बांसगांव प्रभारी निरीक्षक राणा देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि महिला की हत्या की गई थी। इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हो चुकी है। पति ने ही गला दबाकर हत्या की थी। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। हत्या को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई थी।

टिप्पणियाँ