शहर में दूर हुई कूड़े के निस्तारण की समस्या,एक सप्ताह तक तैनात रहेगी पुलिस

डॉ0 एस0 चंद्रा

        गोरखपुर : शहर से निकलने वाले कूड़े के निस्तारण की समस्या फिलहाल हल हो गई है। पुलिस बल की मौजूदगी में एकला बांध पर कूड़ा गिराने का काम शुरू कर दिया गया। हालांकि इसके लिए नगर निगम प्रशासन को काफी मशक्कत करनी पड़ी। नगर निगम, जिला प्रशासन के अधिकारियों की पुलिस की मौजूदगी में ग्रामीणों से वार्ता के बाद कूड़ा निस्तारण पर सहमति बनी।

पिछले करीब 10 दिनों पहले एकला बांध पर कूड़ा गिराने से नगर निगम की गाड़ियों को कूड़ा गिराने से रोक दिया। उसके बाद से नगर निगम प्रशासन शहर के विभिन्न इलाकों में कूड़ा डंप करता रहा। इसी दौरान शुक्रवार को नगर आयुक्त अविनाश सिंह, एसडीएम, इंफोर्समेंट टीम प्रभारी कर्नल सीपी सिंह के नेतृत्व में नगर निगम की टीम पुलिस बल के साथ पहुंची।

ग्रामीणों से कई स्तर की वार्ता के बाद सहमति बन गई। निर्णय लिया कि अब तक जहां कूड़ा गिराया जा रहा था, उससे कुछ दूर आगे कूड़ा गिराया जाएगा। कूड़ा गिराने के बाद रोजाना छिड़काव किया जाएगा। वहां मरे हुए जानवरों को नहीं डाला जाएगा। साथ ही पांच सफाई कर्मचारियों की नियुक्ति की जाएगी, जो नियमित रूप से वहां सफाई और छिड़काव का काम करेंगे।

एक सप्ताह तक तैनात रहेगी पुलिस

उप नगर स्वास्थ्य अधिकारी अखिलेश श्रीवास्तव ने बताया कि ग्रामीणों के साथ कूड़ा निस्तारण संबंधी समझौता हो जाने के बावजूद नगर निगम प्रशासन ने वहां पुलिस बल की सहायता से एहतियातन कुछ पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। इसके अलावा कूड़ा लेकर जो भी गाड़ियां आएंगी, उनके साथ पांच सफाई कर्मचारी भी आएंगे, जो कूड़ा गिराने के तत्काल बाद छिड़काव भी कर देंगे।

ग्रामीण की सुविधा के लिए नगर निगम भरेगा छह गड्ढे

नगर निगम एकला बांध से सटे कुछ स्थानों पर बड़े-बड़े छह गड्ढे भरने की भी हामी भरी है। इससे ग्रामीणों को काफी सहूलियत हो जाएगी।

टिप्पणियाँ