मुख्यमंत्री का राहत वितरण कार्यक्रम सम्पन्न, अधिकारियों ने ली राहत की सांस

महराजगंज, (पवन गुप्ता)आज जैसे ही मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर जनपद से उड़ा, कार्यक्रम से जुड़े सभी अधिकारियों ने राहत की साँस ली। बेहद संक्षिप्त सूचना पर मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को सफल बनाना एक चुनौतीपूर्ण कार्य था। जिलाधिकारी ने इस चुनौतीपूर्ण कार्य के लिए दक्ष अधिकारियों की एक टीम का गठन करते हुए, मुख्य विकास अधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल को टीम का प्रभारी नियुक्त किया। उन्होंने प्रत्येक अधिकारी को उसका दायित्व समझाते हुए, युद्धस्तर पर जुटने का निर्देश दिया।



        जिलाधिकारी स्वयं कार्यक्रम से संबंधित प्रत्येक बिंदु पर हो रहे कार्यों पर नजर बनाये हुए थे। कार्यक्रम की सूचना मिलने के बाद से ही जिलाधिकारी मुख्यमंत्री कार्यालय से स्वयं संपर्क बनाए हुए थे, ताकि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से जुड़ी पल-पल की जानकारी मिलती रहे।कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित करने के लिए एक ओर जिलाधिकारी स्वयं पुलिस अधीक्षक और मुख्य विकास अधिकारी के साथ सुबह-शाम कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर प्रत्येक बिंदु को चेक करते रहे तो दूसरी ओर लगातार मीटिंगों के द्वारा वे बाढ़ की अद्यतन स्थिति, लाभार्थियों  की सूची उनके लिए राशन किट, मेहमानों और मीडिया की सूची, मुख्यमंत्री समेत विशिष्ट अतिथियों के लिए नाश्ते और भोजन की व्यवस्था की जानकारी लेते रहे। 

 प्रभारी अधिकारी के रूप में मुख्य विकास अधिकारी, अन्य अधिकारियों के साथ लगातार समन्वय द्वारा प्रत्येक बिंदु की बारीक समीक्षा कर रहे थे, ताकि किसी बिंदु पर कोई चूक न होने पाए। इस कार्य में उनकी सहायता अपर उपजिलाधिकारी अविनाश कुमार और अपर पुलिस अधीक्षक निवेश कटियार कर रहे थे।

 एक ओर प्रशासनिक अमला कार्यक्रम की तैयारियों में लगा था, तो दूसरी ओर पुलिस अधीक्षक प्रदीप गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस विभाग सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने में लगा था।

     देर रात तक कार्यक्रम की तैयारियां चलती रही और स्वयं जिलाधिकारी आखिरी पल तक तैयारियों की जानकारी लेते रहे। आज भी जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और मुख्य विकास अधिकारी ने तय समय से पहले ही पहुँचकर हैलीपैड व मंच समेत कार्यक्रम स्थल से जुड़े प्रत्येक पॉइंट का निरीक्षण किया।

        कार्यक्रम के सफलतापूर्वक संपन्न होने पर सभी अधिकारियों ने राहत की सांस ली। जिलाधिकारी ने कार्यक्रम से जुड़े एडीएम कुंज बिहारी अग्रवाल, डीआईओएस अशोक कुमार सिंह, सभी उपजिलाधिकारियों, पुलिस अधिकारियों समेत सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को इसके लिए बधाई दी।

टिप्पणियाँ